Monday, August 24, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

समस्तीपुर- थानेश्वर स्थान मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़:अब तक 1 लाख शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक; झमटिया घाट से पैदल पहुंच रहे हैं कांवड़िया


सावन की अंतिम सोमवारी पर शहर के थानेश्वर स्थान मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मध्य रात्रि से ही मंदिर में जलाभिषेक शुरू हो गया। अब एक लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर चुके हैं। मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई है। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर पुलिस बल की तैनाती की है। रातभर कांवरियों का पहुंचना जारी रहा। अनुमान है कि पांच लाख से अधिक श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचेंगे। रातभर लगी रही कांवरियों की भीड़ सावन की अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर स्थान मंदिर में जलाभिषेक की पुरानी परंपरा रही है। समस्तीपुर सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बेगूसराय के झमटिया स्थित गंगा तट से गंगाजल लेकर करीब 50 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए पहुंचते हैं। रविवार रातभर मंदिर की ओर जाने वाले विभिन्न मार्गों पर कांवरियों का रेला लगा रहा। कांवरियों की सेवा के लिए जगह-जगह सेवा समितियों की ओर से शिविर लगाए गए हैं। कई लोगों ने अपने घरों के बाहर भी कांवरियों की सेवा की। कहीं गर्म पानी उपलब्ध कराया गया तो कहीं कांवरियों के पैर दबाकर उन्हें राहत पहुंचाई गई। कई स्थानों पर जूस और अन्य पेय पदार्थ भी उपलब्ध कराए गए। कलाकारों ने भी रातभर किया कांवरियों का मनोरंजन कांवरियों की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर कांवरिया समितियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कलाकारों ने भगवान शिव के भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिससे रातभर पूरा इलाका भक्तिमय बना रहा। भक्ति गीतों पर कांवरियों में भी उत्साह देखने को मिला। शहर के मगरदही मोहल्ले में लोजपा नेता शत्रुघ्न प्रसाद की ओर से कांवरिया सेवा शिविर लगाया गया था। यहां भोजपुरी कलाकारों को भी बुलाया गया था। कलाकारों ने रातभर भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर कांवरियों का मनोरंजन किया। शिविर में कांवरियों को गर्म पानी, जूस सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर राहत पहुंचाई गई। सेवा समितियों की ओर से लगाए गए शिविर उधर, जितवारपुर, बिशनपुर, उजियारपुर, मालती से लेकर दलसिंहसराय तक 50 से अधिक कांवरिया सेवा समितियों की ओर से जगह-जगह शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में कांवरियों की सेवा के साथ उनके लिए पेयजल, गर्म पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles