समस्तीपुर में शुक्रवार को एक मोटरसाइकिल गैरेज संचालक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने कुल 4 रॉउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली पेट पर और एक गोली सीने पर लगी। वहीं मौके से पुलिस को एक जिंदा कारतूस और दो खाली खोखे बरामद मिले हैं। सूचना पर FSL की टीम भी पहुंची। सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ एसडीपीओ और थाना प्रभारी भी पहुंचे। मृतक की पहचान ताजपुर थाना क्षेत्र के चकमोतीपुर निवासी देवकी सहनी के पुत्र संजीव कुमार (25) के रूप में हुई है।
पैदल आए थे बदमाश घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि मुसरीघरारी-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित गांधी चौक के पास संजीव कुमार की मोटरसाइकिल गैरेज की दुकान थी। रोज की तरह शुक्रवार को भी वह अपनी दुकान पर पहुंचा और काम में जुट गया। इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल वहां पहुंचा और संजीव पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। अचानक हुए इस हमले से संजीव संभल भी नहीं पाया था कि उसे दो गोलियां लग गईं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक हफ्ते पहले हुई थी नोंके झोंक लोगों ने बताया कि मृतक भाड़े पर कार और पिकअप देता थी। करीब एक हफ्ते पहले लेनदेने को लेकर ही एक व्यक्ति से उसकी नोंकझोंक हुई थी। इस घटना में उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिजनों ने किया सड़क जाम घटना के बाद आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ गांधी चौक को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। सदर एसडीपीओ ने जाम खुलवाया सूचना मिलने पहुंचे सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडे घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और हर संभव मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
