![]()
समस्तीपुर के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के ढिवाही वार्ड 11 मोहल्ला में मंगलवार को करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के श्रीचंद्र मुखिया के बेटे 55 साल के सीताराम मुखिया के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। दोपहर में चापानल से पानी लेने गया था, करंट की चपेट में आया घटना के संबंध में मृतक के फुफेरे भाई संजय कुमार ने बताया कि सीताराम मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। दोपहर में वो चापाकल पर पानी लेने के लिए गया था। इसी दौरान चापाकल के पास लगे मोटर का तार एक जगह से कटा हुआ था। कटे हुए तार को सीताराम नहीं देख पाया और उसका पैर तार पर पड़ गया। संजय ने बताया कि तार पर पैर रखते ही सीताराम करंट की चपेट में आ गया। वो तड़पने लगा, जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे करंट की चंगुल से छुड़ाया। लेकिन जब तक उसे करंट की चपेट से छुड़ाया जाता, सीताराम की मौत हो चुकी थी। सीताराम की मौत के बाद घटना की जानकारी स्थानीय थाने की पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। बताया गया है कि सीताराम अपने चार बच्चों का पिता था, लेकिन दो बच्चों के साथ ढिवाही वार्ड 11 मोहल्ला में रहता था। सीताराम की पत्नी अपने दो और बच्चों के साथ अपने मायके में रह रही थी। रोसड़ा डीएसपी बोले- करंट से मौत हुई है, मामला दर्ज रोसड़ा के डीएसपी संजय सिन्हा ने कहा कि करंट लगने से अधेड़ की मौत हुई है। शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना को लेकर एक मामला दर्ज किया जा रहा है।

