सरायकेला| विश्व सेवा परिषद, सरायकेला-खरसावां के जिला अध्यक्ष रोहित कुमार महतो ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फोन कॉल के माध्यम से लोगों की व्यक्तिगत जानकारी जुटाए जाने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को मोबाइल नंबर 1098 से कॉल कर विवाह संबंधी जानकारी मांगी जा रही है तथा फोन उठाने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर भी पूछा जा रहा है। पत्र में कहा गया है कि कॉल करने वाले की पहचान स्पष्ट नहीं होने के कारण आम लोगों में भ्रम और आशंका की स्थिति बन रही है। संगठन ने आशंका जताई है कि इस प्रकार की जानकारी का दुरुपयोग भी हो सकता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विश्व सेवा परिषद ने जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा लोगों के हित में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। इस संबंध में एक प्रति जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां को भी भेजी गई।
