गिरिडीह | पचंबा के सलैया स्टेशन रोड की बदहाल स्थिति को लेकर चल रहे आंदोलन का असर अब दिखाई देने लगा है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिन्हा ने कहा कि लगातार आंदोलन, पदयात्रा और जनदबाव के बाद कोडरमा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सड़क निर्माण को लेकर पहल की है। उन्होंने मंगलवार को रेलवे विभाग को पत्र लिखकर सलैया रेलवे स्टेशन सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।राजेश सिन्हा ने बताया कि सलैया स्टेशन रोड पिछले दो वर्षों से जर्जर स्थिति में है। यह सड़क बड़ी गाड़ियों, स्कूल वाहनों, टोटो, ऑटो एवं निजी वाहनों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। सड़क की खराब स्थिति से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर सलैया संघर्ष समिति, स्थानीय ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार बैठक, पदयात्रा और आंदोलन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिससे आम लोगों तक समस्या पहुंची और आंदोलन को मजबूती मिली। उन्होंने बताया कि आंदोलन की जानकारी रेलवे प्रशासन को पहले से थी और प्रारंभिक बैठकों के बाद रेलवे अधिकारियों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से बातचीत भी की थी। सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश जलान सहित अन्य लोगों ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग रखी थी। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।राजेश सिन्हा ने कहा कि न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड की स्थिति भी अत्यंत खराब है। इस संबंध में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी को सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से जानकारी दी गई है। उन्होंने सांसद से अपील की कि सलैया स्टेशन रोड और न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड दोनों के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास किया जाए।अंत में उन्होंने पचंबा, हांडाडीह एवं अन्य ग्रामीणों को इस जनमुहिम में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया।

