![]()
सहरसा शहर में अब व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटलों और बड़े संस्थानों में कमर्शियल गैस सिलेंडर के उपयोग पर रोक लगाई जाएगी। आने वाले दिनों में इन सभी उपभोक्ताओं को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के माध्यम से गैस आपूर्ति की जाएगी। इस संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सिटी गैस सर्विस के प्रभावी क्रियान्वयन पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता निशांत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रमोद कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। इनके अलावा होटल संचालक, गैस एजेंसी प्रतिनिधि और अधिक गैस खपत वाले सरकारी संस्थानों के अधिकारी भी शामिल हुए। जेल अधीक्षक, जीविका के जिला कार्यक्रम प्रबंधक और जिला कल्याण पदाधिकारी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पाइपलाइन से गैस उपलब्ध कराई जाएगी जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र के सभी होटल, रेस्टोरेंट, सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों को PNG कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। अब तेल कंपनियों द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की जाएगी, बल्कि सीधे पाइपलाइन के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि शहर के जिन मोहल्लों में अभी तक PNG पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां अगले एक महीने के भीतर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इससे किसी भी उपभोक्ता को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। 9 मई से विशेष अभियान शुरू इस योजना को तेजी से लागू करने के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के पीएच डिवीजन द्वारा 9 मई से एक विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सरकारी संस्थानों और इच्छुक उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकतानुसार PNG कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन के इस निर्णय को शहर में सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक गैस आपूर्ति व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
