![]()
सहरसा के सदर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी के आरोप में एक अज्ञात महिला से मारपीट और उसे बंधक बनाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने 20 से 25 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुख्यालय डीएसपी-1 धीरेंद्र कुमार पांडे ने शुक्रवार को बताया कि 26 फरवरी की सुबह करीब 11:10 बजे सदर थाने को सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि सहरसा नगर निगम क्षेत्र के मोरकाही गांव के पास कुछ लोग एक महिला को बच्चा चोर बताकर हंगामा कर रहे हैं। भीड़ महिला के साथ मारपीट कर रही थी और उसे घेरकर रखा गया था। सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। गश्ती के दौरान सब इंस्पेक्टर रूपा कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और अपनी अभिरक्षा में लिया। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है। रेस्क्यू के बाद महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे थाने लाकर आवश्यक पूछताछ की गई। इस संबंध में सब इंस्पेक्टर रूपा कुमारी ने लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी डीएसपी ने बताया कि मोरकाही गांव के 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ बच्चा चोर का आरोप लगाकर मारपीट करने और बंधक बनाने के मामले में केस दर्ज किया गया है। पुलिस वीडियो फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
सहरसा में बच्चा चोरी के शक में महिला से मारपीट:20-25 अज्ञात लोगों पर FIR, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया
Date:




