![]()
सहरसा के सदर थाना क्षेत्र स्थित गंगजला मध्य विद्यालय परिसर में सोमवार शाम असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर प्रधानाध्यापक ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुशील कुमार कर्ण ने बताया कि सोमवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद उन्होंने शाम करीब 4 बजे स्कूल में ताला लगाया और घर चले गए थे। देखें, मौके से आई तस्वीरें… स्कूल परिसर में दिखा युवक, फरार लगभग आधे घंटे बाद, स्थानीय लोगों ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि विद्यालय परिसर में स्थित वीर कुंवर सिंह हाई स्कूल के जर्जर भवन से धुआं निकल रहा है और आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही वे तत्काल विद्यालय पहुंचे। प्रधानाध्यापक के अनुसार, विद्यालय पहुंचने पर उन्होंने एक युवक को परिसर में देखा, जो उन्हें देखते ही मौके से फरार हो गया। इसके बाद उन्होंने देखा कि कुछ तारों में आग लगी हुई थी। प्रधानाध्यापक ने तुरंत आग बुझाई और घटना की सूचना डायल-112 पर दी। बाद में उन्होंने सदर थाना के थानाध्यक्ष को भी पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने लोगों से पूछताछ की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विद्यालय परिसर में आग कैसे लगी और इसके पीछे किसका हाथ है। प्रधानाध्यापक सुशील कुमार कर्ण ने यह भी बताया कि विद्यालय परिसर और उसके आसपास अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। पहले भी हो चुकी चोरी कर घटनाएं इसकी सूचना पूर्व में भी पुलिस को दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा छापेमारी किए जाने पर युवक वहां से भाग जाते हैं, लेकिन पुलिस के लौटने के बाद वे दोबारा परिसर के आसपास जमा हो जाते हैं। थानाध्यक्ष बोले-मामले की जांच की जा रही प्रधानाध्यापक ने यह भी जानकारी दी कि विद्यालय परिसर से पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनकी लिखित शिकायत पुलिस से की गई है। सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि विद्यालय परिसर में आग लगाए जाने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

