![]()
गयाजी के परैया थाना क्षेत्र में आज दोपहर अपराधियों ने साइकिल सवार की गोली मार कर हत्या कर दी। रामडीह और उपरोहली के बीच खारपर के पास घटना हुई है। मृतक की पहचान छक्कन बिगहा निवासी अवधेश शर्मा (45) के रूप में हुई है। अवधेश किसी काम से साइकिल से परैया बाजार गए थे। दोपहर में जब वो वापस घर लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें अपना निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार अपराधी काले रंग के गमछे से चेहरा ढंके हुए थे। जैसे ही अवधेश खारपर के पास पहुंचे, उनकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी और गोली चला दी। गोली लगते ही अवधेश सड़क पर गिर पड़े। कुछ ही क्षण में उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परैया थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। खास बात यह रही कि पुलिस महज 7 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। अवधेश शर्मा का आपराधिक इतिहास भी सूत्रों के अनुसार, मृतक अवधेश शर्मा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उनके खिलाफ हत्या के मामले दर्ज थे और वह पहले जेल भी जा चुके थे। ऐसे में पुलिस इस हत्याकांड को आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी से जोड़कर देख रही है। घटना की जानकारी मिलते ही टिकारी पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ सुशील कुमार चंचल भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिवार के लोग अभी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं, लेकिन पुलिस अपने स्तर से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है।
