Thursday, May 28, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

साइक्लोनिक सर्कुलेशन और लो प्रेशर की वजह से बारिश:रांची सहित 9 जिलों में आज बारिश और ओलावृष्टि, यलो अलर्ट जारी


रांची समेत पूरे झारखंड में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। इधर मौसम विभाग ने आज झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम फिर से करवट लेने की बात कही है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं कई इलाकों में वज्रपात और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है, जिसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बारिश की वजह से शुक्रवार को दो फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कई विमान निर्धारित समय से आधा से एक घंटे की देरी से पहुंचे। मुंबई-रांची फ्लाइट अपने तय समय 6:20 बजे के बजाय 7:07 बजे उतरी। वहीं चेन्नई-रांची विमान को रांची पहुंचने के बाद तिरुच्चिराप्पल्ली डायवर्ट करना पड़ा। रांची-हैदराबाद फ्लाइट को भी कोलकाता भेजा गया। इसके अलावा दिल्ली, बेंगलुरु और भुवनेश्वर से आने वाली फ्लाइट्स भी देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जिलों में आंधी के साथ हुई बारिश शुक्रवार दोपहर बाद से ही राज्य में मौसम बदलने लगा था। शाम होते-होते रांची, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा और खूंटी में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। सिमडेगा और गुमला में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि पलामू और लातेहार के कुछ हिस्सों में भी तेज हवा चली। जमशेदपुर और चाईबासा में भी देर रात तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन बाधित हुआ और लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश करते नजर आए। आज भी ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए राज्य के कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। रांची सहित चतरा, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार शनिवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं रविवार को उत्तर-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और लो प्रेशर की वजह से बारिश मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और बांग्लादेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। वहीं बिहार से मणिपुर तक लो प्रेशर एरिया की वजह से मौसम में यह बदलाव आया है। इसी वजह से राज्य में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। बारिश के बावजूद चाईबासा का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जबकि रांची में यह 34.8 डिग्री रहा। जमशेदपुर में 2.21 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई और अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम में इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं सतर्क रहने की भी जरूरत बताई गई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles