![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने मंगलवार को बोकारो साइबर थाना का निरीक्षण किया गया। इस दौरान साइबर अपराध से जुड़ी जन शिकायतों, लंबित अनुसंधान, साइबर फ्रॉड के मामलों में कार्रवाई और पीड़ितों को ठगी की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। अधिकारियों को मामलों में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान साइबर ठगी के बाद गोल्डन पीरियड में 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के लिए लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि शिकायत मिलते ही संबंधित बैंक खातों और लेनदेन की जानकारी जुटाकर संदिग्ध खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू करें, ताकि ठगी की राशि को आगे ट्रांसफर होने से रोका जा सके। फ्रीज खातों से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा कर पीड़ितों को नियमानुसार राशि वापस दिलाने की कार्रवाई करने को कहा गया। एसपी ने सक्रिय साइबर अपराधियों की पहचान कर छापेमारी और गिरफ्तारी तेज करने तथा समन्वय पोर्टल से मिली सूचनाओं पर ठोस कार्रवाई का निर्देश दिया है। जांच में नेटग्रिड, एमआरएम-जीआरएम पोर्टल और तकनीकी शाखा की सहायता लेने पर भी जोर दिया गया। बैंक संबंधित गोपनीय जानकारी शेयर नहीं करने की अपील साइबर मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए साइबर थाना में पुलिस निरीक्षक मो. आजाद खान और पु.नि. पिंकू कुमार यादव की पदस्थापना की गई है। दोनों को अनुसंधान, आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी की राशि की बरामदगी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस ने लोगों से ठगी होते ही 1930 पर शिकायत करने और ओटीपी, यूपीआई पिन व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।
साइबर ठगी पर कसेगा शिकंजा, दो निरीक्षकों की थाने में पोस्टिंग
