
पश्चिम बंगाल में मानसून एक बार फिर प्रचंड होने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि राज्य के तटीय क्षेत्र और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर शनिवार सुबह तक एक कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने के प्रबल आसार हैं. इसके प्रभाव से शनिवार तक राज्य के दक्षिणी और पहाड़ी जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है.
मछुआरों के लिए अलर्ट और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने समुद्र में खराब स्थिति को देखते हुए मछुआरों को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय तथा उससे लगे समुद्री क्षेत्रों में न जाने की सख्त सलाह दी है. IMD के अनुसार, शनिवार तक तटीय क्षेत्रों और उत्तर बंगाल की खाड़ी में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
दक्षिण बंगाल के इन जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट
- भारी से बहुत भारी बारिश : पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है.
- भारी बारिश : कोलकाता, झारग्राम, उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली और बांकुड़ा जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में दोहरे चक्रवात का कहर! कोलकाता समेत 7 जिलों में मूसलाधार वर्षा का येलो अलर्ट
उत्तर बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भी अलर्ट
बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में आ रही नमी और मानसून के सक्रिय होने के कारण शनिवार से राज्य के पहाड़ी जिलों में भी बारिश का प्रकोप बढ़ेगा. मौसम विभाग के अनुसार, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार जिलों में रविवार तक भारी वर्षा हो सकती है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, पश्चिम मेदिनीपुर में बिजली गिरने से 4 की मौत
पिछले 24 घंटे का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश सागरद्वीप में दर्ज की गयी. इसके अलावा बर्धमान, दुर्गाचक और मंगलकोट में 5-5 सेंटीमीटर तथा बांकुड़ा में 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी.
The post सावधान! पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र, 8 अगस्त से भारी बारिश की चेतावनी appeared first on Prabhat Khabar.

