Top 5 This Week

Related Posts

साहेबगंज में पैक्स चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन:हलिमपुर पंचायत में 2 लोगों ने पर्चा भरा, 20 अप्रैल को मतदान होगा


साहेबगंज प्रखंड की हलिमपुर पंचायत में होने वाले पैक्स चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को नामांकन का अंतिम दिन रहा। इस दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में दिनभर काफी चहल-पहल और भीड़ देखने को मिली। प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों के बीच अभ्यर्थियों ने अंतिम दिन बड़ी संख्या में अपना नामांकन दाखिल किया। पैक्स अध्यक्ष पद और कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव को लेकर पंचायत में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। अध्यक्ष पद के लिए इस बार वर्तमान पैक्स अध्यक्ष लखेंद्र पटेल और भाकपा (कम्युनिस्ट) नेता यादव लाल पटेल के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, लखेंद्र पटेल को पंचायत के मुखिया शंभू प्रसाद गुप्ता का समर्थन प्राप्त है। वहीं, यादव लाल पटेल को पूर्व मुखिया अंजित राय और पूर्व पैक्स अध्यक्ष स्व. राघव पटेल के समर्थकों का साथ मिलने की चर्चा है। यह भी बताया जाता है कि यादव लाल पटेल पहले भी विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अतिरिक्त, वे अपनी पत्नी को दो बार जिला पार्षद और एक बार मुखिया का चुनाव भी लड़वा चुके हैं। फिलहाल, नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही हलिमपुर पंचायत में चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है। अब सभी की नजर 20 अप्रैल को होने वाले मतदान पर टिकी है, जहां जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेगी।

Spread the love

Popular Articles