![]()
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी शनिवार को कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम के साथ सीवान के शेख मुहल्ला पहुंचे और पुलिस फायरिंग में घायल छात्र आरिफ और आकाश से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ सासाराम के सांसद मनोज राम, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़,आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक विक्रांत भूरिया,अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष उमैर खान सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे। छात्रों को जानबूझकर निशाना बनाकर गोली मारी घायलों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में इमरान प्रतापगढ़ी ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन को कुचलने के लिए पुलिस ने अत्यधिक बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि सीवान में केवल एके-47 ही नहीं चली, बल्कि पिस्टल से भी छात्रों को जानबूझकर निशाना बनाकर गोली मारी गई। उन्होंने दावा किया कि आरिफ और आकाश दोनों को सामने से गोली लगी और वह शरीर को आर-पार कर गई। उनके अनुसार यदि गोली कुछ इंच इधर-उधर लगती तो दोनों छात्रों की जान भी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार किया मानो वे अपराधी या आतंकवादी हों। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस ने बर्बर कार्रवाई की, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि अब तक केवल एके-47 चलाने वाले पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की चर्चा हुई है, लेकिन जिन अधिकारियों ने छात्रों पर गोली चलाई या ऐसे आदेश दिए, उनकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ निचले स्तर के पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर जिला प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि इस पूरे मामले में डीएम, एसपी और मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि मजिस्ट्रेट की अनुमति या निगरानी में कार्रवाई हुई तो उनकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर एके-47 और अन्य हथियारों का इस्तेमाल किया गया तथा छात्रों पर गोली चलाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई। कांग्रेस सांसद ने बताया कि फैक्ट फाइंडिंग टीम अपनी रिपोर्ट कांग्रेस नेतृत्व को सौंपेगी और संसद सत्र में भी यह मुद्दा उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी गृह मंत्री से जवाब मांगेगी और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग करेगी। इस दौरान उन्होंने आरिफ और आकाश के परिवारों की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए घोषणा की कि कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से दोनों परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोनों घायलों के बेहतर इलाज के लिए भी हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

