![]()
सीतामढ़ी जिले के डुमरा प्रखंड स्थित मिश्रौलिया पंचायत सरकार भवन में बुधवार को जन्म प्रमाण पत्र बनाने के एवज में 400 रुपये मांगने के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हुआ। आरोप पंचायत सरकार भवन के कर्मी शांतनु सुमन पर लगा है। हंगामे के दौरान ग्रामीणों और कर्मी के बीच हाथापाई भी हुई। ग्रामीणों के अनुसार, जन्म प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे एक आवेदनकर्ता से कर्मी ने कथित तौर पर 400 रुपये की मांग की। इसकी जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत सरकार भवन पहुंच गए। कहासुनी के बाद हाथापाई पंचायत सरकार भवन पहुंचने के बाद कर्मी और ग्रामीणों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गया। इससे कार्यालय परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने माफी मंगवाई ग्रामीणों ने कर्मी से रुपये मांगने की बात ऑन कैमरा स्वीकार कराई और उनसे माफी भी मंगवाई। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी सेवा के लिए निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद उनसे पैसे की मांग की जा रही थी। कर्मी से मांगा गया स्पष्टीकरण मामले की जानकारी मिलने पर पंचायत सचिव सुजीत कुमार ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि यह मामला कार्यालय बंद करने के दौरान का है। आवेदनकर्ता को जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया है। पंचायत सचिव के अनुसार, संबंधित कर्मी से पूरे मामले को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
