![]()
सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरों ने चार घरों को निशाना बनाया। भदीयन पंचायत के बसोतरा और भलोअहिया गांव में हुई इन वारदातों में लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी हो गए। चोरों ने पंचायत के चौकीदार के घर को भी नहीं बख्शा। जानकारी के अनुसार, बसोतरा गांव निवासी पंचायत चौकीदार रामा दास के घर में चोर पीछे के रास्ते से घुसे। उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। इसके बाद चोर भलोअहिया गांव पहुंचे और संजय दास के घर में बांस की सीढ़ी के सहारे प्रवेश किया। यहां से चोर पेटी में रखे 77 हजार रुपये नकद, लगभग 140 भर चांदी और एक भर सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना से जुड़ी 2 तस्वीरें… चंदेव दास के घर में भी चोरों ने सेंध लगाई
इसी गांव में रतन दास के घर से एक मोबाइल फोन भी चोरी हुआ। वहीं, चंदेव दास के घर में भी चोरों ने सेंध लगाई, लेकिन कोई कीमती सामान न मिलने पर वे घर का सामान बिखेरकर चले गए। लगातार चार घरों में हुई चोरी की इन घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्ती प्रभावी नहीं होने के कारण अपराधी बेखौफ हो गए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा
घटना की सूचना मिलने पर नानपुर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
