Monday, August 31, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

सीवान में ट्रक ड्राइवर का शव मिला:परिजनों ने मर्डर की आशंका जताई, पुलिस ने दी करंट से मौत की सूचना


सीवान के सराय ओपी थाना क्षेत्र के हरदिया मोड़ के समीप रविवार की शाम एक ट्रक ड्राइवर का संदिग्ध स्थिति में शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक ड्राइवर की मौत बिजली के करंट की चपेट में आने से हुई, जबकि मृतक के चेहरे और पैर पर मिले चोट के गहरे निशान को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मृतक की पहचान गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के सिसई गांव निवासी 45 वर्षीय जगलाल यादव के रूप में हुई है। वह ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका बताया गया कि जगलाल यादव प्रतिदिन की तरह रविवार को भी ट्रक लेकर घर से निकले थे। शाम के समय अचानक परिजनों को पुलिस के माध्यम से सूचना मिली कि हरदिया मोड़ के समीप बिजली के करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई है और शव को सदर अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। मृतक के भतीजे ने बताया कि अस्पताल पहुंचने पर जब उन्होंने शव को देखा तो जगलाल यादव के चेहरे पर चोट के गहरे निशान थे। इसके अलावा पैर पर भी चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। परिजनों का कहना है कि चोट के निशान सामान्य करंट लगने की घटना से अलग प्रतीत हो रहे हैं। इसी आधार पर उन्होंने आशंका जताई कि उनके चाचा के साथ पहले मारपीट की गई और इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम – थाना प्रभारी हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर सराय ओपी थाना प्रभारी विकास कुमार बिट्टू ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही गश्ती दल को मौके पर भेजा गया था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि जगलाल यादव अचानक करंट लगने के बाद बेसुध हो गए थे। इसके बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं, परिजनों की ओर से हत्या का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया जा रहा है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जाएगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल करंट लगने से मौत हुई या मामला हत्या का है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles