Monday, August 31, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

सीवान में स्कूटी पर निकलीं ‘पुलिस दीदी’:स्कूल-कॉलेज से कोचिंग तक पहुंचकर बच्चियों को किया जागरूक


सीवान में अब स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास मनचलों की हरकतों पर पुलिस की सीधी नजर रहेगी। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर शुरू की गई ‘पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड)’सोमवार को स्कूटी पर सवार होकर शहर की सड़कों पर निकलीं। इस दौरान शहर के विभिन्न स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही छात्राओं को पुलिस दीदी की भूमिका, उनसे संपर्क करने के लिए उपलब्ध नंबर और जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। दरअसल, बीते दिनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) के लिए 4700 स्कूटी एवं मोटरसाइकिल का वितरण किया गया था। इसके तहत सीवान को 20 स्कूटी और 10 मोटरसाइकिल मिली हैं। बीते दिनों जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा एवं एसपी भारत सोनी ने पुलिस केंद्र सीवान से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।इसके बाद सोमवार को पहली बार अभया ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मी स्कूटी फ्लैग मार्च के जरिए शहर में सक्रिय नजर आईं। फ्लैग मार्च का नेतृत्व कर रहीं सब इंस्पेक्टर स्नेहा कुमारी ने बताया कि सरकार की यह एक अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि स्कूटी मिलने से अब महिला पुलिसकर्मी गली-गली तक आसानी और कम समय में पहुंच सकती हैं। इसका सीधा फायदा महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा। उन्होंने बताया कि अक्सर स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास मनचले युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार ऐसे युवकों द्वारा छात्राओं पर कमेंट पास करने, छेड़खानी करने या उन्हें परेशान करने की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसी घटनाओं की रोकथाम और बच्चियों के अंदर सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से अभया ब्रिगेड को सक्रिय किया गया है। सब इंस्पेक्टर स्नेहा कुमारी ने कहा कि अब पुलिस दीदी लगातार स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों का विजिट करेंगी और आसपास के माहौल पर निगरानी रखेंगी। छात्राओं को किसी तरह की परेशानी होने पर सीधे पुलिस दीदी से संपर्क करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। सोमवार को निकला यह स्कूटी फ्लैग मार्च महज शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि शहर की छात्राओं के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करने की पुलिस की नई पहल के रूप में नजर आया। स्कूटी से लैस महिला पुलिसकर्मियों की सक्रियता से अब स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास असामाजिक तत्वों पर भी शिकंजा कसने की उम्मीद है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles