![]()
सुपौल में सोमवार को पुलिस ने 22 वर्षीय विवाहिता का अधजला शव बरामद किया है। युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव का अंतिम संस्कार करने पहुंचे। इसी दौरान मायके वालों की सूचना पर पुलिस श्मशान घाट पहुंच गई। पुलिस को देखते ही शव जला रहे लोग अधजला शव छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल जलती चिता को बुझाया और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना पिपरा थाना क्षेत्र की दीना पट्टी पंचायत के वार्ड 12 की है। मृतका की पहचान दीना पट्टी निवासी रामानंद मुखिया की पत्नी रूबी कुमारी के रूप में हुई है। मृतका की दो छोटी बेटियां हैं। इनमें एक की उम्र करीब दो साल और दूसरी महज दो महीने बताई जा रही है। मायके वालों ने फोन कर पुलिस को दी सूचना घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए पिपरा थाना पुलिस को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने तक शव को जलाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी। पुलिस ने चिता बुझाकर अधजले शव को कब्जे में लिया और मामले की जानकारी एफएसएल टीम को दी। श्मशान घाट पहुंची FSL की टीम सूचना मिलने के बाद एफएसएल की टीम भी श्मशान घाट पहुंची। टीम ने घटनास्थल और कंकाल से संबंधित नमूने जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मौत के कारणों के साथ-साथ घटनास्थल की परिस्थितियों और शव को जल्दबाजी में जलाने के कारणों की भी जांच कर रही है। मायके वालों ने फांसी लगाकर हत्या करने का लगाया आरोप मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि रूबी कुमारी की फांसी लगाकर हत्या की गई। साथ ही, घटना की जानकारी मायके वालों को दिए बिना शव को आनन-फानन में जलाने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि यदि महिला ने आत्महत्या की थी तो ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी और शव को जल्दबाजी में क्यों जलाया जा रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या या आत्महत्या को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं दिया है। पुलिस का कहना है कि एफएसएल जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। सुबह मजदूरी के लिए निकले थे पति और सास-ससुर
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मृतका के पति, सास और ससुर सुबह मजदूरी के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान घर में महिला के फंदे से लटके होने की सूचना परिवार के लोगों को मिली। इसके बाद परिजन घर पहुंचे और शव को आनन-फानन में अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए। इसी दौरान मायके वालों को घटना की जानकारी मिली और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इधर, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि महिला ने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस बोली- जांच के बाद स्पष्ट होगा मामला
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी एफएसएल टीम को दी गई। एफएसएल टीम ने मौके से सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतका के मायके वालों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और घटना के बाद शव को जल्दबाजी में जलाने समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि विवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

