![]()
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से 68 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा गणपतगंज हाटाटोला वार्ड संख्या-4 के पास एनएच-327 ई पर हुआ। मृतका की पहचान मोहम्मद हनीफ की पत्नी दरउदन खातून के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। खेत देखकर घर लौट रही थीं महिला जानकारी के अनुसार, दरउदन खातून सोमवार को अपना खेत देखकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान गणपतगंज से लालगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार बुलेट ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच बाइक चालक दुर्घटनाग्रस्त बुलेट को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित किया स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी मातम पसरा है। बाइक जब्त, फरार चालक की तलाश घटना की सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बुलेट को जब्त कर थाने ले गई। बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 43 AK 4081 बताया गया है। इस संबंध में अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया था। दुर्घटनाग्रस्त बुलेट जब्त कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सुपौल में बुलेट की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत:खेत से घर लौट रही थीं दरउदन खातून, हादसे के बाद ड्राइवर भागा, पुलिस ने बाइक जब्त की
