![]()
सुपौल के जदिया थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी पूरब पंचायत के बिशुनिया वार्ड-7 में रविवार सुबह खेदन महाराज मंदिर परिसर से करीब 12 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सुशांत कुमार के रूप में हुई है। वह पांचवीं कक्षा का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही जदिया पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया है। मामले में मृतक की मां कल्पना देवी ने अपने सास-ससुर समेत चार लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए जदिया थाने में आवेदन दिया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं की है। देखें, मौके से आई तस्वीर… सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला… शुक्रवार शाम से लापता था सुशांत परिजनों के अनुसार, सुशांत शुक्रवार शाम से ही घर से लापता था। उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह करीब 10 बजे सुशांत की बड़ी दादी मंदिर परिसर पहुंचीं। मंदिर के अंदर बच्चे का शव फंदे से लटका देखकर उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य सूचना मिलने पर जदिया पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। मां ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप मृतक की मां कल्पना देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में अपने सास-ससुर समेत चार लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार, कल्पना देवी करीब 10 वर्षों से अपने पति मुकेश कुमार यादव और बच्चों के साथ रह रही हैं। उनका आरोप है कि प्रेम विवाह के कारण ससुराल पक्ष के लोग लंबे समय से उन्हें, उनके पति और बच्चों को प्रताड़ित करते रहे हैं। घटना वाले दिन सुशांत को दादा साथ ले गए थे महिला ने आरोप लगाया है कि घटना वाले दिन दोपहर करीब दो बजे उनके बेटे सुशांत को उसके दादा धीरेन्द्र यादव बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए थे। देर शाम तक सुशांत के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आरोप है कि बाद में दादा के अकेले घर लौटने पर जब सुशांत के बारे में पूछा गया तो कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी दी गई। बच्चे के शरीर पर चोट के निशान कल्पना देवी के अनुसार, खोजबीन के दौरान ग्रामीणों से जानकारी मिली कि खेदन बाबा मंदिर के पास सुशांत का शव मिला है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने शव की पहचान की। महिला ने बच्चे के शरीर पर चोट के निशान होने का भी दावा किया है। महिला ने अपने आवेदन में धीरेन्द्र यादव, आना देवी समेत चार लोगों को नामजद करते हुए बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार जदिया थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा गया है। घटनास्थल की एफएसएल टीम से जांच कराई गई है और पुलिस को आवेदन भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

