![]()
सुपौल में 10 कठ्ठा जमीन को लेकर हुए विवाद में घायल युवक की 13 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया वार्ड-12 की है। मृतक की पहचान विद्यानंद पंडित के बेटे रोशन कुमार(33) के रूप में हुई है। गुरुवार देर रात पटना से बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी ले जाने के दौरान फुलपरास के समीप रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने घर के समीप एनएच-327ई पर शव रखकर करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार, सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर सुनील कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। जमीन जोतने पर धारदार हथियार से किया था हमला बताया गया कि 20 जून की रात रोशन कुमार ट्रैक्टर से भाड़े पर लक्ष्मीनिया निवासी लखन यादव की विवादित 10 कठ्ठा जमीन जोतने गए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि हथियार से लैस लोगों ने रोशन को ट्रैक्टर से उतारकर फरसा सहित धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पहले स्थानीय स्तर पर इलाज हुआ, फिर पटना रेफर किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर सिलीगुड़ी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। 20 अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज मृतक की मां लालो देवी के बयान पर त्रिवेणीगंज थाना में कांड संख्या-237/26 दर्ज है। इसमें मनोज यादव, कालीचरण यादव, दिलीप यादव, संतोष कुमार, बलिहारी यादव समेत छह लोगों को नामजद किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी कांड संख्या-236/26 दर्ज कर 17 नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है। रोशन कुमार अपने पीछे पत्नी पिंकी भारती, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभाष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।


