![]()
केतार थाना क्षेत्र के पाचाडूमर स्थित सोन नदी में सावन की दूसरी सोमवारी को जल भरने के दौरान हुए हादसे के सातवें दिन रविवार को भी लापता किशोरी खुशबू कुमारी का कोई सुराग नहीं मिल सका। जिला गोताखोरों के साथ स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों ने पाचाडूमर घाट से लेकर श्रीनगर पुल तक सोन नदी के विभिन्न हिस्सों में घंटों खोजबीन की, लेकिन देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका। गौरतलब है कि सोमवार सुबह जल भरने के दौरान पाचाडूमर निवासी अरुण प्रसाद की 15 वर्षीय पुत्री जुली कुमारी, गिरवर ठाकुर की 14 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी और प्रिया कुमारी नदी की तेज धारा में बह गई थीं। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर प्रिया कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जबकि जुली और खुशबू लापता हो गई थीं। हादसे के करीब 26 घंटे बाद जुली कुमारी का शव घटनास्थल से लगभग 18 किलोमीटर दूर श्रीनगर के समीप सोन नदी से बरामद किया गया था। इसके बाद से ही खुशबू की तलाश लगातार जारी है। रविवार को सातवें दिन भी जिला गोताखोरों ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया, टीम को सफलता नहीं मिली। परिजनों की बढ़ी चिंता लगातार सात दिनों से खुशबू का सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। पाचाडूमर गांव में अब भी मातम का माहौल है। स्थानीय ग्रामीण भी प्रशासन और गोताखोरों के साथ मिलकर नदी में खोजबीन में सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से बताया गया कि खुशबू का पता लगाने के लिए खोजबीन जारी रखी जाएगी। नदी में पानी का तेज बहाव और विस्तृत क्षेत्र होने के कारण सर्च ऑपरेशन में लगातार चुनौती बनी हुई है।
