![]()
कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र से पश्चिम बंगाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोरियामा निवासी 24 वर्षीय विशाल राणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले विशाल की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले की एक युवती से हुई थी। बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ता गया। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। इस दौरान आरोपी कई बार युवती से मिलने भी गया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान उसने युवती का विश्वास जीतकर उसे शादी का झांसा दिया। बीमारी का बहाना बनाकर 2 लाख रुपए ठगे युवती ने आरोप लगाया है कि विशाल राणा ने अपने परिजनों की बीमारी का बहाना बनाकर उससे अलग-अलग समय पर करीब 2 लाख रुपए ले लिए। भरोसे में लेकर पैसे लेने के बाद उसने धीरे-धीरे युवती से दूरी बना ली। कुछ दिनों बाद बातचीत पूरी तरह बंद कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने शादी करने से भी साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद युवती ने पश्चिम बंगाल के वर्धमान थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्राथमिकी में युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण और आर्थिक ठगी करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। वर्धमान पुलिस घर से आरोपी को दबोचा मामले की गंभीरता को देखते हुए वर्धमान पुलिस ने जांच तेज कर दी। आरोपी की लोकेशन के आधार पर कोडरमा पहुंची। शनिवार को पुलिस टीम ने तिलैया थाना क्षेत्र के मोरियामा स्थित उसके घर पर छापेमारी कर विशाल राणा को हिरासत में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को पश्चिम बंगाल ले जाया गया। तिलैया थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की सूचना उन्हें पहले ही दे दी गई थी। स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित किया गया। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई वर्धमान पुलिस द्वारा की जाएगी।

