भास्कर न्यूज|बेतिया नशा मुक्त भारत सप्ताह के तहत बुधवार को शहर के राज उच्च माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान-विकसित भारत की पहचान विषय पर राज इंटर कॉलेज के परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सरकारी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच क्विज,निबंध लेखन व चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के 75 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला व ज्ञान का प्रदर्शन किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज को नशे के जानलेवा दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना रहा। साथ ही एक स्वस्थ,नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। बच्चों ने अपनी कला और विचारों के जरिए समाज को नशे से दूर रहने का सशक्त संदेश दिया। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिता में शहर व आसपास के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। इसमें राज इंटर कॉलेज, एस एस गर्ल्स प्लस टू स्कूल, केदार पांडेय प्लस टू स्कूल, विपिन उच्च माध्यमिक विद्यालय, यूएचएस बरवत परसराइन, बानुछापर, पूर्वी करगहिया, बरवत सेना, पिपरा पकड़ी, सिंघाछापर व गणेश प्रसाद उच्च माध्यमिक विद्यालय चनपटिया के बच्चे शामिल रहे।

