![]()
मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चरौन गांव में स्मैक बेचने से इनकार करने पर एक किराना दुकानदार पर हमला किया गया। 55 वर्षीय दीपक शर्मा को पिस्टल के बट, लोहे की रॉड और लाठी से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमले में उनका हाथ और पैर टूट गया। उन्हें मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। अस्पताल में इलाजरत दीपक शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम वह अपनी किराना दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के दीपक चौधरी और उसके पिता शंभू चौधरी वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उनसे प्रतिदिन 10 पुड़िया स्मैक 300 रुपए प्रति पुड़िया की दर से बेचने को कहा। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने दुकान बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, गुरुवार को वह अपने खेत से घास लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दीपक चौधरी, शंभू चौधरी और दो-तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि शंभू चौधरी ने उन्हें पीछे से पकड़ लिया, जबकि दीपक चौधरी ने पिस्टल के बट से उनके चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनका दाहिना हाथ टूट गया। हमलावरों ने लाठी और लोहे की रॉड से मारा दुकानदार का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी और लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई जारी रखी, जिससे उनका बायां पैर भी टूट गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कहते हैं थानाध्यक्ष
मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद की बात सामने आई है। घायल पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

