Saturday, August 22, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

हजारीबाग में पुलिस-राहुल दुबे गैंग में मुठभेड़:दो अपराधी घायल, एक फरार, दो अवैध हथियार, गोलियां और खोखा बरामद


हजारीबाग के गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गयी। गोलीबारी में गैंग के दो अपराधी घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहा। घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी भुरकुंडा की ओर से बाइक पर सवार होकर गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन और उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव पुलिस बल व सशस्त्र जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। जंगल में भागे अपराधी, पुलिस पर की फायरिंग पुलिस टीम ने पुराना कांटा घर रोड के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। शनिवार सुबह करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिये। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन संदिग्ध बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी। इसके बाद तीनों अपराधी बाइक छोड़कर पास के जंगल की ओर भागे। पुलिस के अनुसार, जंगल में पहुंचते ही अपराधियों ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोलीबारी में दो अपराधी घायल होकर मौके पर गिर पड़े। पुलिस ने दोनों को तत्काल कब्जे में लिया और इलाज के लिए भेज दिया। इस दौरान तीसरा अपराधी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देने में सफल रहा। दो अवैध हथियार, गोलियां और खोखा बरामद मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस को दो अवैध हथियार, जिंदा गोलियां और खोखा बरामद हुआ है। पुलिस अब फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि तीनों अपराधी किस आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए क्षेत्र में पहुंचे थे और उनके गिरोह के अन्य सदस्यों की क्या भूमिका है। फिलहाल घायल दोनों आरोपियों का इलाज सदर अस्पताल हजारीबाग में कराया जा रहा है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में जंगल और आसपास के संभावित ठिकानों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles