आरपीएफ पोस्ट हटिया ने रेलवे डीजल चोरी का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को पकड़ा है। गुप्त सूचना मिलने के बाद हटिया रेल यार्ड में वाशिंग लाइन संख्या-05 के पास निगरानी की गई। 26 मार्च की रात करीब 9:50 बजे एक चार पहिया वाहन संदिग्ध हालत में खड़ा मिला, जिसमें एक व्यक्ति सामग्री लोड कर रहा था। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अजय कुमार साहू और थाना- एयरपोर्ट, जिला- रांची का निवासी बताया। तलाशी में वाहन से दो प्लास्टिक जेरिकैन बरामद हुए, जिनमें लगभग 55 लीटर डीजल था। अभियुक्त ने बताया कि डीजल वाशिंग लाइन- 05 के हाई स्पीड डीजल फ्यूल वाल्व से एक रेलवे कर्मचारी और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मिलीभगत से निकाला गया था। आरपीएफ टीम ने डीजल और वाहन जब्त कर रेलवेअधिनियमों के तहत मामला दर्ज किया।

