
Kolkata Crime News: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से सटे दक्षिणी इलाके में पुलिस ने देह व्यापार और मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है. कस्बा (Kasba) थाना क्षेत्र के एक होटल में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने नाबालिग लड़की और 2 अन्य महिलाओं को मुक्त (रेस्क्यू) कराया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस घिनौने रैकेट को संचालित करने के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
होटल मैनेजर और रिसेप्शनिस्ट भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किये गये आरोपियों में 2 मानव तस्कर (Human Traffickers), होटल का प्रबंधक (Manager) और रिसेप्शनिस्ट शामिल हैं. सभी 4 लोग मिलकर होटल की आड़ में देह व्यापार गिरोह को संरक्षण दे रहे थे. इसका संचालन कर रहे थे. यह कार्रवाई कोलकाता पुलिस को एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) से मिली पुख्ता और गोपनीय इनपुट के बाद की गयी.
ये भी पढ़ें: 13 साल बाद कामदुनी कांड की पीड़िता को मिलेगा न्याय? शुभेंदु अधिकारी के जनता दरबार में पहुंचा पीड़िता का परिवार
सोशल मीडिया और नौकरी का झांसा
पुलिस की शुरुआती जांच में इस गिरोह के काम करने के तौर-तरीकों (Modus Operandi) को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. कथित तौर पर यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर ग्राहकों से संपर्क करता था और उन्हें होटल तक बुलाता था. बंगाल के उपनगरीय और ग्रामीण इलाकों की गरीब लड़कियों व युवतियों को शहर में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर कोलकाता लाया जाता था. इसके बाद उन्हें डरा-धमका कर देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया जाता था.
ये भी पढ़ें: बंगाल में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़, 17 बच्चियां बचायी गयीं, बिहार-असम के 4 तस्कर गिरफ्तार
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस की टीमें
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुख्ता जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने होटल में जाल बिछाया और छापेमारी की. हम इस पूरे मानव तस्करी नेटवर्क की जांच कर रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं. क्या इन्होंने अन्य लड़कियों को भी अपना शिकार बनाया था. उन्होंने कहा कि मुक्त करायी गयी 15 वर्षीय नाबालिग को नियमों के अनुसार आवश्यक मानसिक व चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा दी गयी है. उसे जल्द ही संबंधित बाल कल्याण प्राधिकारियों के समक्ष पेश किया जायेगा.
ये भी पढ़ें: देह व्यापार करने वाली बंगाल की 4 महिलाएं झारखंड में गिरफ्तार


