Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

10 लाख का इनामी माओवादी जोनल कमांडर गिरफ्तार:लातेहार पुलिस ने सहयोगी को भी पकड़ा; एके-47 राइफल, 21 मैगजीन बरामद


लातेहार पुलिस ने प्रतिबंधित माओवादी संगठन के 10 लाख रुपए के इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां उर्फ फ्रेश भुईयां और उसके सहयोगी 2 लाख रुपए के इनामी बबलू राम उर्फ रोहित उर्फ बबलू चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया है। एसपी कुमार गौरव ने यह जानकारी दी। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां मूल रूप से नवाडीह-छिपादोहर क्षेत्र का निवासी है। वहीं, 2 लाख रुपए का इनामी बबलू राम बिहार के अरवल जिले के निरखपुर, किंजर का रहने वाला है। पुलिस ने इनके पास से एक एके-47 राइफल, 21 मैगजीन, लगभग डेढ़ लाख रुपए नगद, माओवादी पर्चे, चार सिम कार्ड, मेमोरी कार्ड, रेडियो और एक घड़ी सहित अन्य सामान बरामद किया है। इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान चलाया एसपी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी जोनल कमांडर अपने दस्ते के साथ छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिनामांड़ गांव के आसपास सामान खरीदने आया है। इस सूचना पर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन अन्य भागने में सफल रहे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों उग्रवादी पिछले करीब 20 वर्षों से संगठन से जुड़े हुए थे। वे अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लातेहार सहित आसपास के जिलों में लेवी वसूली, विकास कार्यों में बाधा डालने और आतंक फैलाने जैसी घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। एसपी कुमार गौरव ने बताया कि मृत्युंजय भुइयां पर कुल 104 मामले दर्ज हैं, जबकि बबलू राम पर 15 मामले दर्ज हैं। ये दोनों लातेहार, पलामू, गढ़वा सहित झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। फरार उग्रवादियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles