Wednesday, May 6, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

11 मई तक झारखंड में बदला रहेगा मौसम:रांची, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में हल्की बारिश, यलो अलर्ट जारी किया गया


झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और राज्य के ऊपर सक्रिय टर्फ लाइन के कारण पिछले 24 घंटे में रांची समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई। इसका असर यह हुआ कि अधिकतम तापमान में एक ही दिन में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान घटकर 29.4 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 7.7 डिग्री कम है। राज्य के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के आसपास सिमट गया है। जिससे मई में फरवरी जैसी ठंड का एहसास हो रहा है। अगले छह दिन बारिश और वज्रपात की संभावना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 6 से 11 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। 6 मई को रांची, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में हल्की बारिश के आसार हैं। 7 मई को संथाल परगना और दक्षिण-पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 8 मई को पश्चिमी झारखंड को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में बारिश होगी। वहीं 9 से 11 मई तक 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की और गिरावट संभव है। कई इलाकों में 50 मिमी से अधिक वर्षा पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। तेनुघाट में सबसे अधिक 82.2 मिमी बारिश हुई, जबकि बुढ़मू में 51.2 मिमी, कांके में 50 मिमी, नामकुम में 46 मिमी, ओरमांझी में 41 मिमी और मांडर में 40 मिमी वर्षा हुई। इस दौरान न्यूनतम तापमान भी गिरकर 19.3 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और स्थानीय हीटिंग के प्रभाव से बादल बन रहे हैं। यही स्थिति पूरे सप्ताह बनी रह सकती है। बाजार पर असर, एसी-कूलर की मांग घटी मौसम में अचानक आए इस बदलाव का असर बाजार पर भी दिखने लगा है। कुछ दिन पहले तक 40 डिग्री तापमान के कारण एसी, कूलर और पंखों की मांग तेजी से बढ़ रही थी, लेकिन अब बारिश और ठंडक के कारण बिक्री में गिरावट आई है। दुकानदारों के अनुसार, फिलहाल केवल पहले से बुक किए गए ऑर्डर ही पूरे किए जा रहे हैं। नई बुकिंग लगभग बंद हो गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे मई महीने में तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा। बीच-बीच में ऐसी स्थिति दोबारा बन सकती है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles