कोशी क्षेत्र में चलाए जा रहे “नशा मुक्त कोशी” अभियान को लगातार उल्लेखनीय सफलता मिल रही है। इस अभियान के तहत पिछले चार महीनों में कुल 1163 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब, गांजा, स्मैक और अन्य नशीले पदार्थ जब
.
सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में संचालित इस विशेष अभियान में आम जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी), कोशी क्षेत्र, सहरसा द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर लोग नशे के अवैध कारोबार से संबंधित सूचनाएं दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखे जाते हैं।
डीआईजी के प्रत्यक्ष अनुश्रवण में प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत 30 मई से 5 जून 2026 के बीच पुलिस ने 1756.9 लीटर अवैध शराब, 4.92 किलोग्राम गांजा, 26 ग्राम स्मैक तथा 273 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है।
इसके अलावा 2100 रुपये नकद, नौ मोटर साइकिल, दो चारपहिया वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस दौरान अवैध शराब कारोबार से जुड़े 44 तथा सूखा नशा मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 42,915.655 लीटर अवैध शराब, 1740.12 लीटर अवैध कफ सिरप, 2207.125 किलोग्राम गांजा, 3662.57 ग्राम स्मैक, 2936 मिलीलीटर नशीला इंजेक्शन और 120 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। साथ ही 1,87,614 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा भी जब्त की गई है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से नशा कारोबारियों की जानकारी, फोटो या वीडियो साझा की जा सकती है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा महत्वपूर्ण सूचना देने वाले लोगों को सम्मानित और पुरस्कृत भी किया जाएगा।


