
पश्चिम मेदिनीपुर जिले में हाथियों की मौत की खबर से चिंता और शोक का माहौल है. पीड़ाकाटा रेंज के रंजा बीट अंतर्गत हाड़तड़ा इलाके में रविवार सुबह धान के खेत से 2 शावकों समेत 3 हाथियों के शव बरामद हुए. एक साथ 3 हाथियों की मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गये.
ग्रामीणों ने खेत में देखे हाथियों के शव
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह खेत में हाथियों के शव पड़े होने की जानकारी मिली. इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गयी. खबर मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गये.
बिजली के तार ने बढ़ाया संदेह
हाथियों की मौत के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है. हालांकि, घटनास्थल पर धान के खेत के ऊपर बिजली के तार लगे हैं. इसलिए आशंका जतायी जा रही है कि करंट लगने से हाथियों की मौत हुई होगी. वन विभाग के अनुसार, खेत में सिंचाई के लिए पंप चलाने के उद्देश्य से बिजली का तार खेत के ऊपर से ले जाया गया था.
ये भी पढ़ें: पुरुलिया में हाथी के हमले में महिला घायल, मानबाजार में दहशत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आयेगा मौत का कारण
वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि तार में बिजली का कनेक्शन था या नहीं. यदि था, तो उसका हाथियों की मौत से कोई संबंध है या नहीं. विभाग ने अभी तक विद्युत करंट को मौत का निश्चित कारण नहीं माना है. अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल पायेगा.
2 शावकों की मौत से इलाके में शोक
जंगल से भोजन और पानी की तलाश में हाथी पहले भी इस इलाके में खेतों की ओर आते रहे हैं. एक साथ 3-3 हाथियों की मौत पहले कभी नहीं हुई. पीड़ाकाटा रेंज के वन अधिकारियों ने मृत हाथियों का पोस्टमार्टम करने के बाद उनको दफना दिया. जंगलमहल के विभिन्न इलाकों में पहले भी बिजली के तार की चपेट में आने से हाथियों की मौत की घटनाएं सामने आती रही हैं.
The post 2 शावकों समेत 3 हाथियों की मौत, बिजली के तार से करंट लगने की आशंका appeared first on Prabhat Khabar.
