Suvendu Adhikari on Asim Mondal Arrest: प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेताओं में शुमार असीम मंडल उर्फ आकाश को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया गया है. 2.20 करोड़ रुपए के इनामी नक्सली की गिरफ्तारी के बाद बंगाल के चीफ मिनिस्टर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में ‘लाल आतंक’ की वापसी बर्दाश्त नहीं करेगी.
पटाशपुर के ललाट गांव से हुई गिरफ्तारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) द्वारा पूर्व मेदिनीपुर जिले में शीर्ष माओवादी नेता की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए यह बात कही. मुख्यमंत्री ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के पटाशपुर क्षेत्र के ललाट से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य एवं पश्चिम बंगाल राज्य समिति-1 के सचिव असीम मंडल उर्फ आकाश का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बल की सराहना की.

किशनजी का करीबी सहयोगी था आकाश
असीम मंडल उर्फ आकाश माओवादी कमांडर मल्लोजुला कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी का करीबी सहयोगी था. किशनजी को वर्ष 2011 में सुरक्षा बलों ने पश्चिम बंगाल के झारग्राम के जंगलों में मार गिराया था.
ये भी पढ़ें: झारखंड, ओडिशा में सक्रिय माओवादी असीम मंडल उर्फ 'आकाश' बंगाल के पटाशपुर से गिरफ्तार, 2.20 करोड़ का था इनाम
मुख्यमंत्री ने की पुलिस की प्रशंसा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा- अंतरराज्यीय वन क्षेत्रों में 15 वर्षों से अधिक समय तक कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचते रहे आकाश को खुफिया जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया है. यह हमारे पुलिस बल की असाधारण अभियान क्षमता को दर्शाता है.
मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि पश्चिम बंगाल सरकार राज्य की सीमाओं के भीतर ‘लाल आतंक’ के नेटवर्क को फिर से खड़ा करने या उसका विस्तार करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी. किसी भी उग्रवादी विचारधारा को लोगों की सुरक्षा और राज्य के विकास को खतरे में डालने की अनुमति नहीं दी जायेगी. कानून ऐसे किसी भी दुस्साहसिक प्रयास को पूरी कठोरता से कुचलने की दिशा में काम करेगा. -शुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
ये भी पढ़ें: 25 लाख के इनामी माओवादी दंपती समेत 3 नक्सलियों ने कोलकाता में किया सरेंडर
हाई ब्लड प्रेशर का मरीज है आकाश
आकाश को लंबे समय से पश्चिम बंगाल में माओवादी संगठन के प्रमुख नेताओं में से एक माना जाता है और वह चिकित्सीय उपचार के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से पटाशपुर आया था. सूत्रों ने बताया कि उसकी तबीयत खराब है और वह हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) से पीड़ित है.
1980 के दशक में बन गया था नक्सली
मुख्यमंत्री ने बताया कि उम्र अधिक होने के कारण सुरक्षा बलों से बचते हुए कई किलोमीटर तक पहाड़ी इलाकों में पैदल चलना भी आकाश के लिए थकाऊ हो गया था. वह 1980 के दशक में कॉलेज के दिनों से ही वामपंथी गतिविधियों में शामिल था.
ये भी पढ़ें: 15 लाख के इनामी मदन महतो समेत 3 नक्सली झारखंड में गिरफ्तार, एके-47 और हथियार बरामद
बंगाल-झारखंड के जंगलों में आकाश ने बिताये 4 दशक
आकाश ने पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा से लगे जंगलों में करीब 4 दशक बिताये हैं. इसमें वर्ष 2004 में पार्टी के गठन के आसपास का समय भी शामिल है. पार्टी की पोलित ब्यूरो सदस्य किशनजी की मौत के बाद आकाश को भाकपा (माओवादी) का राज्य सचिव बनाया गया था. उसने करीब ढाई दशक तक सक्रिय रहने वाली पार्टी की राज्य सैन्य शाखा को हाल में भंग कर दिया था.
झारखंड-बंगाल की सीमा पर चला था सर्च ऑपरेशन
आकाश को पकड़ने के लिए हाल में पश्चिम बंगाल-झारखंड अंतरराज्यीय सीमा से लगे जंगलों में व्यापक तलाश अभियान चलाया गया था. लेकिन वह सुरक्षा बलों को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा. इस अभियान के दौरान झारखंड के रोलाहातु से 2 इंसास राइफल, 103 कारतूस और 6 मैगजीन बरामद हुए थे.
The post 2.20 करोड़ के इनामी माओवादी असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद बोले शुभेंदु अधिकारी- बंगाल में ‘लाल आतंक’ की वापसी बर्दाश्त नहीं appeared first on Prabhat Khabar.
