![]()
सुपौल एसपी शरथ आरएस के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाई की है। किशनपुर-पिपरा और लौकहा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 345 ग्राम स्मैक, 21 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप, एक लोडेड पिस्टल, 7 कारतूस, शराब, नकदी, मोबाइल और वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। किशनपुर-पिपरा में 3 तस्कर गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को मादक पदार्थों की खेप आने की सूचना पर किशनपुर और पिपरा थाने की टीम ने कार्रवाई की। वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन से 100 ग्राम स्मैक और 2 मोबाइल के साथ दो आरोपियों को पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर पिपरा थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। एक किराना दुकान से 100 ग्राम स्मैक और मोबाइल बरामद हुआ। अन्य स्थान पर 85 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पैन कार्ड, मोबाइल और 1,41,170 रुपए नकद मिले। इस मामले में मधुबनी जिले के अंधरामठ थाना क्षेत्र के छातापुर सुबाटोल निवासी देवेंद्र कुमार यादव, सुपौल के भपटियाही थाना क्षेत्र के सरायगढ़ निवासी सुमित कुमार यादव और पिपरा थाना क्षेत्र के बेलोखड़ा निवासी रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया है। लौकहा में हथियार और नशीले पदार्थ बरामद दूसरी कार्रवाई में लौकहा थाना क्षेत्र के गढ़बरूआरी में सज्जन कुमार के ठिकाने पर छापेमारी की गई। यहां से 19.3 लीटर कोडीन युक्त कफ सिरप, लोडेड पिस्टल, 7 कारतूस, 15 ग्राम स्मैक, बाइक, 7 हजार रुपए और 3 मोबाइल बरामद किए गए। इसके बाद गुड्डू सिंह के घर पर छापेमारी में 60 ग्राम स्मैक, 1.7 लीटर कफ सिरप, 2.25 लीटर अंग्रेजी शराब, 15 लीटर देसी शराब और 6,350 रुपए मिले। इस मामले में गुड्डू सिंह उर्फ जीडी सिंह समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे कार्रवाई कर रही है। साथ ही तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच जारी है।
345 ग्राम स्मैक-पिस्टल समेत 8 आरोपी गिरफ्तार:सुपौल में 3 जगहों पर कार्रवाई, 1.41 लाख रुपए मिले
