पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना पर बैठक हुई। बैठक में योजना के तहत आए आवेदनों की समीक्षा की गई। पात्र लाभुकों को नियम के मुताबिक चिकित्सा अनुदान देने की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। बैठक में चिकित्सा अनुदान की पात्रता, तय सहायता राशि की भी समीक्षा हुई। योजना में वयस्क लाभुक को बीमारी या अस्पताल में इलाज 7 दिन से कम रहने पर 3,000 रुपए मिलते हैं। इलाज 7 दिन से ज्यादा होने पर 5,000 रुपए का अनुदान मिलता है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए वयस्क लाभुक को 25,000 रुपए देने का प्रावधान है। अवयस्क लाभुक के लिए इलाज 7 दिन से कम होने पर 1,500 रुपए मिलते हैं। इलाज 7 दिन से ज्यादा होने पर 2,500 रुपए का अनुदान मिलता है। कैंसर के इलाज के लिए 15,000 रुपए देने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत मिले आवेदनों की पात्रता, उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर जांची गई। समीक्षा में अनुसूचित जनजाति के 30, अनुसूचित जाति के 2, पिछड़ा वर्ग के 9 आवेदन शामिल रहे। कुल 41 आवेदनों पर विचार हुआ। जांच के बाद सभी आवेदन नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजे गए। उपायुक्त मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ पात्र, जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचे।
