Sunday, May 17, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

'500 मीटर दूर कैसे पहुंचा मोबाइल, बुलेट पर स्क्रैच कैसे':बेगूसराय में युवक की मौत को परिजन ने हत्या बताया, कहा- पैर, कमर के नीचे घसीटने के निशान


‘घटनास्थल से 500 मीटर दूर मेरे बेटे का मोबाइल कैसे मिला, मोबाइल को प्लास्टिक में रखकर मिट्टी में किसने दफनाया? मेरे बेटे का आइफोन घटनास्थल से कहां गायब हो गया, पोस्टमार्टम में सुजीत के कमर से ऊपर और दोनों पैर में घसीटे जाने का भी निशान है। आशंका है कि बदमाशों ने हादसे का रूप देने के लिए विक्रमपुर पुल के पास उसे घसीट कर साइड किया।’ बेगूसराय के नौला गांव के रहने वाले रंजीत प्रसाद सिंह ने ये बातें दैनिक भास्कर से बातचीत में कही। दरअसल, रंजीत प्रसाद सिंह के 23 साल के बेटे की लाश बुधवार की सुबह चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर बूढ़ी गंडक नदी पुल के पास मिली थी। रंजीत प्रसाद के मुताबिक, पुलिस मेरे बेटे की मौत को हादसा बता रही है, लेकिन जो बातें मैंने आपके सामने उठाई है, उससे ये लग रहा है कि मेरे बेटे की हत्या की गई है। रंजीत प्रसाद ने अज्ञात लोगों पर साजिश के तहत अपने बेटे की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मंगलवार की रात दोस्त से मिलने गया था, सुबह सड़क किनारे लाश मिली सूत्रों की मानें तो मंगलवार की रात सुजीत अपने एक मित्र से मिलने के लिए मंझौल आया था। जहां से रात करीब 12 बजे वापस अपने घर लौट गया। इस दौरान उसके मित्र ने रात अधिक हो जाने की बात कहते हुए रूक जाने की बात कही। लेकिन सुजीत वहां नहीं रूका और यह कहते हुए निकल गया कि आधा घंटा में घर पहुंच जाएंगे। मंझौल से सुजीत के निकलने के बाद मित्र ने रात में करीब 1 बजे उसके मोबाइल पर फोन लगाया गया तो मोबाइल पर बात नहीं हो सकी। उसका मित्र लगातार सुबह 4 बजे तक मोबाइल पर रूक-रूककर फोन करते रहा, लेकिन फोन नहीं लगा। इधर, बुधवार को अहले सुबह विक्रमपुर स्थित बूढ़ी गंडक नदी पुल के समीप सुजीत को घायल हालत में बेहोश पड़ा देखकर लोगों ने डायल-112 नंबर को सूचना दिया। चेरिया बरियारपुर सीएचसी में घायल की इलाज के दौरान हुई मौत सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने उसे उठाकर चेरिया बरियारपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस बीच पुलिस ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पहुंचे परिजनों ने युवक के शव को देखते ही हंगामा शुरू कर दिया। सड़क दुघर्टना की बात मानने से साफ इंकार करते हुए हत्या का आरोप लगा सड़क पर बवाल काटने लगे। करीब तीन घंटे तक स्टेट हाइवे 55 पर आवागमन बाधित रहा था। लोगों की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एसपी एवं एफएसएल की टीम पहुंची तो लोगों का ग़ुस्सा शांत हुआ। उक्त घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। लोग तरह-तरह की बातें करते नजर आ रहे हैं। पुलिस बोली- कॉल डिटेल, सीडीआर खंगाल रहे इधर, घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है, मामले का अनुसंधान चल रहा है। पूरी घटना का खुलासा मृतक के कॉल डिटेल, सीडीआर जांच, एफएसएल की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा। अब पुलिस रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। लेकिन परिस्थितिजन्य साक्ष्य स्पष्ट रूप से कह रहा है कि सुजीत की सड़क हादसे में मौत नहीं हुई, बल्कि हत्या हुई है। मृतक के बुलेट बाइक की टंकी पर जहां ईंट से तोड़फोड़ करने के निशान हैं। वहीं, घटनास्थल से 500 मीटर दूर केला के बगीचे में पॉलिथीन में लपेटकर मृतक का एक मोबाइल मिट्टी में गाड़ देना हत्या की आशंका को मजबूत कर रहा है। जांच के लिए पहुंची एफएसएल और पुलिस की टीम जब एक-एक पहलू को जोड़ते हुए केला के बगीचे में पहुंची तो संजीत के मोबाइल पर लगातार रिंग हो रहा था। उसका मोबाइल मिट्टी के नीचे था, इसके बावजूद रिंगटोन लगातार बज रहा था। रिंगटोन के आधार पर एफएसएल की टीम ने मिट्टी के चार उंगली अंदर से उसका मोबाइल बरामद किया। हालांकि मृतक का आईफोन अभी तक मिल नहीं सका है। सुजीत इलाके में शादी समारोहों में वीडियोग्राफी करता था सुजीत शादीशुदा नहीं था और विभिन्न समारोह में वीडियोग्राफी किया करता था‌। गांव के लोगों के मुताबिक, इसी दौरान उसका प्रेम प्रसंग मंझौल इलाके की रहने वाली एक लड़की से हो गया था। दोनों में खूब बातें भी होती थी। मंगलवार की शाम भी वह लड़की से मिलने के लिए ही आया था। अपने दोस्त से मुलाकात करने के बाद जब वह लौट रहा था तो इसकी भनक लड़की के परिजनों को लग गई। इसके बाद मारपीट कर मरा समझ विक्रमपुर पुल के पास सड़क किनारे छोड़ दिया। जबकि मोबाइल केला के बगान में जाकर पॉलिथीन में लपेटे कर छुपा दिया गया। दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे तो इन लोगों का कहना था कि शरीर पर सिर्फ सिर के पीछे से ही जख्म के निशान हैं। लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि मृतक सुजीत के कमर से ऊपर और दोनों पैर में घसीटे जाने का भी निशान है। आशंका है कि बदमाशों ने हादसे का रूप देने के लिए विक्रमपुर पुल के पास उसे घसीट कर साइड किया। पुलिस बोली- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्टों का इंतजार, जल्द खुलासा होगा चेरिया बरियारपुर थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बासु ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है। थाना कांड संख्या- 55/26 दर्ज कर पुलिस मामले के गहन अनुसंधान में जुट गई है। मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी अनुसंधान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles