Sunday, August 30, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

'6 महीने में शिक्षा व्यवस्था में होगा सुधार':पीएम के मन की बात सुनने दरभंगा पहुंचे शिक्षा मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष बोले- पीएम ने नशामुक्त भारत पर दिया जोर


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां एपिसोड रविवार को दरभंगा के बद्रीनगर स्थित बद्री पूर्वे के आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सुना। कार्यक्रम में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा विधायक संजय सरावगी और बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ केवल देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बन गई है। प्रधानमंत्री ने इस बार नशामुक्त भारत और नशामुक्त युवा बनाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, शिक्षा मंत्री ने कहा कि आने वाले 6 महीने में बिहार के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्था में बड़ा सुधार दिखाई देगा।

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया। आने वाले दीपावली पर्व के संदर्भ में ‘लोकल के लिए वोकल’ की भावना को मजबूत करने और देश में निर्मित सामान का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से छोटे उत्पादकों, कारीगरों और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
प्रधानमंत्री ने वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई तिरंगा यात्राओं और देशवासियों में बढ़ रही राष्ट्रभक्ति की भावना पर भी चर्चा की। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चल रही योजनाओं और पीएम समृद्धि योजना जैसे प्रयासों के माध्यम से महिलाओं के जीवन में आ रहे बदलाव का उल्लेख किया गया।
संजय सरावगी ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के हर वर्ग… युवा, महिला, किसान, गरीब और सामान्य नागरिक से संवाद करते हैं। यही कारण है कि महीने के अंतिम रविवार को होने वाले इस कार्यक्रम का देशभर के लोग इंतजार करते हैं। प्रधानमंत्री आम आदमी की भाषा में देश से करते हैं संवाद – मिथिलेश तिवारी
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि यह बेहद सुखद अवसर है कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और दरभंगा के लोकप्रिय विधायक के विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ सुनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में ऐसे विषयों पर चर्चा करते हैं, जिनकी जानकारी देश के बहुत से लोगों को पहले नहीं होती। इससे लोगों का सामान्य ज्ञान बढ़ता है और देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अच्छे कार्यों की जानकारी मिलती है। प्रधानमंत्री जिस सरल और आम आदमी की भाषा में संवाद करते हैं, उससे देश के करोड़ों लोग खुद को उनसे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
‘मन की बात’ अनेकता में एकता की पहचान बन चुकी मिथिलेश तिवारी ने कहा कि ‘मन की बात’ अनेकता में एकता की पहचान बन चुकी है। हर महीने अंतिम रविवार को करोड़ों लोग प्रधानमंत्री को सुनते हैं और उनसे नई जानकारी और प्रेरणा प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों को लेकर देश में बनने वाले माहौल को प्रधानमंत्री लोगों की भागीदारी से और मजबूत करते हैं। तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश के हर व्यक्ति को राष्ट्रभक्ति के भाव से जोड़ने का प्रयास इसका उदाहरण है।
‘शिक्षा व्यवस्था में अभी कुछ कमियां हैं’ शिक्षा मंत्री ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि राज्य सरकार लगातार सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए काम कर रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि शिक्षा व्यवस्था में अभी कुछ कमियां हैं, लेकिन उन्हें दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में 700 से अधिक मॉडल स्कूल तैयार किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी तैयार किया जाएगा।
‘कोर्ट जाने की जरूरत नहीं, संवाद से निकलेगा समाधान’
शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि किसी भी शिक्षक को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कोर्ट जाने की जरूरत नहीं है। शिक्षा विभाग संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने के लिए तैयार है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि यदि किसी प्रकार का भ्रम या समस्या है तो विभाग के स्तर पर बातचीत कर उसका समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने परीक्षा और पाठ्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर कहा कि कुछ मामलों में स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम तैयार करना और प्रश्नपत्र तैयार करना संबंधित परीक्षा लेने वाली संस्था बीपीएससी की जिम्मेदारी है। BPSC जल्द से तारीख की घोषणा करेगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना, बद्री पूर्वे, जिला कोषाध्यक्ष बबलू पंजियार, राजाराम पूर्वे, मंडल अध्यक्ष रतन पासवान, मुखिया शंभू यादव, मनीष झा, नरेश राम, कृष्णकांत ठाकुर, पप्पू ठाकुर, जग्गरनाथ पूर्वे, मनोज सिन्हा, प्रवीण भगत, सोनाली कुमारी, रिंकी मिश्रा, सिमरण कुमार, रजनीश झा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles