![]()
बांका में शुक्रवार रात तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे पलटकर एक घर के पास जा गिरा, जिसकी चपेट में आने से 6 साल की मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन मवेशियों की भी जान चली गई,जबकि एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना बौसी थाना क्षेत्र में बौसी-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान मदद कार्य में देरी का आरोप लगाकर पुलिस टीम पर पथराव भी हुआ, जिसमें एसडीपीओ समेत छह पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटा ट्रक झारखंड की ओर से एक ट्रक तेज रफ्तार में बौसी की ओर आ रहा था। भंडारी चक गांव के समीप ओवरटेक करने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक सीधे प्रकाश यादव के घर के पास जा गिरा, जहां उनका छह वर्षीय बेटा हैप्पी कुमार मौजूद था। ट्रक के नीचे दबने से मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। करीब एक घंटे से अधिक जाम की समस्या बनी रही। जिससे वाहन चालकों से लेकर लोगों को परेशानी हुई। हादसे में घर के बाहर बंधे तीन मवेशी भी ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए । ट्रक को हटाकर मासूम को निकाला गया बाहर सूचना मिलने पर बौसी के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, बौसी थाना पुलिस तथा आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा और जेसीबी की मदद से पलटे ट्रक को हटाकर उसके नीचे दबे मासूम के शव को बाहर निकाला गया।हालांकि राहत एवं बचाव कार्य में देरी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बौसी-हंसडीहा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांस बल्ला लगाकर और शव को रखकर जाम कर दिया।पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया,लेकिन स्थिति तनावपूर्ण हो गई।आरोप है कि मदद कार्य में देरी को केलर उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। होमगार्ड समेत 6 पुलिसकर्मी घायल पथराव में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार, बंधुआ कुरावा थाना के एएसआई दिलीप यादव, होमगार्ड जवान सुजीत कुमार गुप्ता समेत करीब छह पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस पर हमले के मामले में वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पूरे मामले की जांच कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

