Sunday, July 26, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

7 FIR, सीएम बोले- हमलावरों को मिलेगी कड़ी सजा

7 FIR, सीएम बोले- हमलावरों को मिलेगी कड़ी सजा

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के धर्मतला के डोरिना क्रॉसिंग पर शुक्रवार को यूनाइटेड कॉकरोच मार्च के बैनर तले हुए प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में कोलकाता पुलिस ने हेयर स्ट्रीट थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ कुल 7 प्राथमिकी दर्ज की है. इनमें 6 प्राथमिकी मीडियाकर्मियों की शिकायतों के आधार पर और एक स्वतः संज्ञान लेकर दर्ज की गयी है. शनिवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मीडियाकर्मियों पर हुए हमले की निंदा की और कहा कि अब तक 70 उपद्रवियों को चिह्नित किया जा चुका है. हमलावरों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी.

सीएम बोले- विशेष समुदाय के कुख्यात अपराधी थे शामिल

मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआती जांच में एक विशेष समुदाय के कुख्यात अपराधियों की संलिप्तता सामने आयी है. उन्होंने विधानसभा में ऐसे 4 आरोपितों के नाम भी बताये. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी आरोपितों पर हाल ही में विधानसभा से पारित पब्लिक सेफ्टी एक्ट की गंभीर धाराएं लगायी जायेंगी. उन्होंने कहा कि सरकार उपद्रव और हिंसा को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी. दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी, जिसे उनकी आने वाली 3 पीढ़ियां भी याद रखेंगी.

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को उकसाने की कोशिश की

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार है. इसी सिद्धांत के तहत पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति दी थी. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिये थे कि किसी भी स्थिति में बल प्रयोग नहीं किया जाये. पूरे हालात पर निगरानी रखी जा रही थी. प्रदर्शनकारियों ने लगातार पुलिस को उकसाने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने संयम बनाये रखा और किसी भी उकसावे में नहीं आये.

ये भी पढ़ें: नीट पेपर लीक 2026: कलकत्ता हाईकोर्ट में बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट, दोषी पाये जाने पर 10 साल जेल और 10 करोड़ का जुर्माना

प्रदर्शन करने वालों के हमले में 6 मीडियाकर्मी घायल

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब प्रदर्शनकारी पुलिस को भड़काने में सफल नहीं हुए, तो उन्होंने सुनियोजित तरीके से मीडियाकर्मियों को निशाना बनाया. इस हमले में 6 मीडियाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए. सभी का सरकारी अस्पतालों में उपचार कराया गया है. उनकी शिकायत के आधार पर प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है.

आंबेडकर प्रतिमा के सामने काला बैंड बांधकर प्रदर्शन करेंगे विधायक

मीडियाकर्मियों पर हमले की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भाजपा विधायक इस घटना के विरोध में विधानसभा के दूसरे सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष काला बैंड बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे.

ये भी पढ़ें: सेबाश्रय घोटाले पर CM शुभेंदु अधिकारी- चिटिंगबाज भाईपो एक बार जेल गया तो बाहर नहीं निकलेगा, CID-STF जांच के आदेश दिये

पुलिस की प्राथमिकी में दर्ज हैं इन संगठनों के नाम

पुलिस ने स्वतः दर्ज प्राथमिकी में लिखा है कि शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे विभिन्न राजनीतिक और छात्र-युवा संगठनों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग डोरिना क्रॉसिंग पर एकत्र हुए. आरोप है कि यह जमावड़ा बिना पुलिस की अनुमति के हुआ था. प्राथमिकी में एआईडीएसओ, एआईडीवाईओ, सीपीआई (एमएल), डीवाईएफआई, एआईएसएफ, पीडीएसएफ, एएफएसए, डीएसएफ, आईएसयू और एपीडीआर सहित कई संगठनों के नाम हैं.

समर्थकों को डोरिना क्रॉसिंग पर कब्जे के लिए उकसाया गया

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान माइक से भड़काऊ भाषण दिये गये और समर्थकों को पूरे डोरिना क्रॉसिंग पर कब्जा करने के लिए उकसाया गया.पुलिस की ओर से सभा को अवैध घोषित कर बार-बार क्षेत्र खाली करने और शांति बनाये रखने की अपील की गयी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने निर्देशों का पालन नहीं किया.

2 बजे से 7:15 बजे तक लगा रहा जाम

प्राथमिकी में कहा गया है कि इसके बाद भीड़ ने पुलिसकर्मियों, मीडियाकर्मियों और आम राहगीरों पर पानी की बोतलें, जूते, लाठियां और पत्थर फेंके. इससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गये. पुलिस का दावा है कि प्रदर्शनकारियों की संख्या अधिक होने के बावजूद पुलिस बल ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित रखा और प्रदर्शन को निर्धारित क्षेत्र तक सीमित किया. घटना की वजह से कम से कम 5 घंटे तक यातायात और जनजीवन प्रभावित रहा. शाम करीब 7:15 बजे प्रदर्शनकारी वहां से चले गये.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles