बोकारो | शहर में मनचलों, हुड़दंगियों और सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी के कड़े निर्देश के बाद बीएस सिटी और नगर महिला थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने सड़कों पर उतरकर पैदल गश्ती की, जबकि महिला पुलिसकर्मियों की पिंक पेट्रोलिंग टीम ने भी मोर्चा संभाला । बीएस सिटी थाना प्रभारी और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के उन तमाम इलाकों को खंगाला, जहां अक्सर असामाजिक तत्वों के जुटने या अड्डेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं। इस दौरान चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। राह चलते संदिग्ध लोगों को रोककर उनसे पूछताछ की गई और कड़े लहजे में हिदायत दी गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के मन से डर को खत्म करना और उन्हें सुरक्षा का अहसास कराना रहा। बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा प्रसाद के अनुसार, शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

