केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही के कुल 4,128 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा आज से शुरू हो रही है। परीक्षा 17 जून तक होगी। जिसके लिए पूरे बिहार में लगभग 500 से अधिक केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया के तहत कक्षपाल के 2,417 पद, मद्य निषेध सिपाही के 1,603 पद और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन पदों के लिए लाखों अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा में सबसे बड़ा बदलाव है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर पेन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी उम्मीदवारों को केंद्र पर ही कलम उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था परीक्षा की गोपनीयता के उद्देश्य से की गई है। इसके अलावा जो अधिकारी परीक्षा संचालन में जिम्मेदारी निभा रहे हैं वे एग्जाम शुरू होने से एक घंटे पहले से ही मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सकते।
दोनों पालियों के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट केंद्रीय चयन पर्षद ने परीक्षा की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए हर पाली में अलग-अलग प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट तैयार की है। प्रश्नपत्रों को निर्धारित समय पर प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में खोला जाएगा। इससे प्रश्न पत्र लीक या अन्य किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को समाप्त करने का प्रयास किया गया है।
फोटो पहचान पत्र अनिवार्य, बिना आईडी नहीं मिलेगा प्रवेश परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। बिना फोटो पहचान पत्र के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
दो पालियों में परीक्षा परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे तक और दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे तक परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। निर्धारित समय के बाद आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केंद्रीय चयन पर्षद ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा शुरू होने के बाद कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा खत्म होने से पहले सेंटर से बाहर नहीं जा सकेगा। भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था होगी। परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों, पुलिस बल और उड़नदस्तों की तैनाती की गई है।

