Saturday, September 19, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

औरंगाबाद में बिजली करंट से युवक की मौत:ग्राइंडर मशीन चलाते समय करंट की चपेट में आया, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव


औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खैरी गांव में मकान निर्माण के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक बाथरूम के समीप ग्राइंडर मशीन से काम कर रहा था। करंट का झटका लगते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के मंझार गांव निवासी मो. खैरूद्दीन के पुत्र नौशार आलम के रूप में हुई है। बताया गया कि नौशार बचपन से ही अपने नानी के घर औरंगाबाद शहर के वार्ड नंबर 22 स्थित नावाडीह मोहल्ले में रह रहा था। वह मजदूरी कर अपने परिवार की मदद करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बाथरूम के पास पानी का जमाव, ग्राइंडर में आया करंट
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के मामा अल्ताफ हुसैन ने बताया कि नौशार आलम मजदूरी करने के लिए खैरी गांव गया था। वहां एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान वह बाथरूम के पास ग्राइंडर मशीन चलाकर काम कर रहा था। बताया गया कि जिस स्थान पर नौशार काम कर रहा था, उसके बगल में बाथरूम था और वहां पानी भी जमा था। काम करने के दौरान अचानक ग्राइंडर मशीन में करंट आ गया। पानी जमा होने के कारण करंट की चपेट में आने से नौशार गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। उसके साथ काम कर रहे मजदूरों ने जब उसे जमीन पर गिरा देखा तो तत्काल उसे उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग सदर अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन शव से लिपटकर चीत्कार उठे। अस्पताल परिसर में कुछ देर तक मातम का माहौल बना रहा। तीन भाइयों में मंझला था नौशार, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नौशार आलम तीन भाइयों में मंझला था। उसके पिता मो. खैरूद्दीन गांव में रहकर खेती-बाड़ी करते हैं। परिवार के लिए नौशार की अचानक हुई मौत किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। घटना के बाद मंझार गांव और नावाडीह मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। आवश्यक पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच करेगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles