नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में आज बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा चल रही है। परीक्षा के लिए शहर में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 23 केंद्रों पर कुल 15912 अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। परीक्षा दो-दो घंटे की 2 पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग टाइम सुबह 8:00 बजे निर्धारित किया गया है। वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों को दोपहर 1:00 बजे तक अपने निर्धारित केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। समय सीमा के बाद किसी भी परिस्थिति में अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसपीएम कॉलेज उदन्तपुरी में सबसे ज्यादा अभ्यर्थी शहर के सभी 23 परीक्षा केंद्रों पर केन्द्राधीक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है और उन्हें पूरी मुस्तैदी बरतने का निर्देश दिया गया है। परीक्षार्थियों के लिए एसपीएम कॉलेज उदन्तपुरी में सबसे अधिक 1200, पीएमएस कॉलेज पहड़पुरा में 1080, सरस्वती पब्लिक स्कूल लोहरी में 1080 और सदर आलम मेमोरियल सेकेण्डरी स्कूल कागजी मोहल्ला में 1032 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आरपीएस स्कूल कचहरी रोड, बिहार टाउन हाई स्कूल, सोगरा हाई स्कूल, नेशनल उच्च विद्यालय शेखाना और आवासीय मॉडल मध्य विद्यालय भैंसासुर सहित अन्य केंद्रों पर भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल होंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रोक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन बेहद गंभीर है। सभी केंद्रों पर दंडाधिकारियों और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा परिसर के भीतर मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें अंदर जाने दें।


