Top 5 This Week

Related Posts

तृणमूल को चार, भाजपा को एक सीट मिलनी तय

तृणमूल को चार, भाजपा को एक सीट मिलनी तय

पश्चिम बंगाल की पांच सहित राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव 16 मार्च को

संवाददाता, कोलकातापश्चिम बंगाल की पांच राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होगा. बुधवार को निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के मतदान के लिए विज्ञप्ति जारी की. इसमें पश्चिम बंगाल की पांच सीटें शामिल हैं. बताया गया है कि इन सीटों पर चुनाव के लिए 26 फरवरी को अधिसूचना जारी की जायेगी. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पांच मार्च है. छह मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी. उम्मीदवार नौ मार्च तक अपने नाम वापस ले सकेंगे. मतदान 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होगा और मतगणना भी उसी दिन संपन्न की जायेगी.

राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को चार सीटें मिलने के स्पष्ट आसार हैं, जबकि भाजपा भी संख्या बल के आधार पर एक सीट आसानी से जीत लेगी. बिहार में जिन प्रमुख सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, रामनाथ ठाकुर, प्रेम चंद्र गुप्ता, अमरेंद्र धारी सिंह और उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं.

इस तरह खाली हो रही हैं पांच सीटें

राज्य की पांच राज्यसभा सीटों में से तीन सीटें तृणमूल कांग्रेस के मौजूदा सदस्यों सुब्रत बक्शी, ऋतोब्रत बनर्जी और साकेत गोखले के कार्यकाल समाप्त होने से रिक्त हो रही हैं. चौथी सीट पूर्व तृणमूल सांसद मौसम बेनजीर नूर के इस्तीफे के कारण खाली हुई है, जिन्होंने हाल ही में कांग्रेस का दामन थाम लिया है. पांचवीं सीट माकपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य बिकास रंजन भट्टाचार्य के कार्यकाल समाप्त होने से खाली हो रही है. वर्तमान में विधानसभा में वाम दलों के पास कोई सीट नहीं है. ऐसे में यह सीट भाजपा के खाते में जाने की संभावना है.

भाजपा में संभावित उम्मीदवार को लेकर चर्चा

तृणमूल कांग्रेस ने अब तक अपने चार उम्मीदवारों के नामों का औपचारिक ऐलान नहीं किया है और पार्टी नेतृत्व इस विषय पर चुप्पी साधे हुए है. वहीं, भाजपा खेमे में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा तेज है. जिन नामों पर विचार किया जा रहा है उनमें पूर्व अभिनेत्री और पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी, मेगास्टार मिथुन चक्रवर्ती तथा बालुरघाट विधानसभा क्षेत्र से विधायक और केंद्र सरकार के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार अशोक कुमार लाहिड़ी का नाम प्रमुख रूप से शामिल है.

The post तृणमूल को चार, भाजपा को एक सीट मिलनी तय appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

Popular Articles