21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) पुनः परीक्षा को लेकर झारखंड में प्रशासन पूरी तरह से चौकस नजर आया। शुक्रवार की देर रात बोकारो, गोड्डा, हजारीबाग समेत कई जिलों के होटल में जांच अभियान चलाया गया। वहीं, कई जिलों में शनिवार की रात में भी जांच की जाएगी इस दौरान कुछ होटल में पुलिस की टीम पहुंची और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। होटल में प्रत्येक व्यक्ति की पहचान पत्र की जांच की गई। वहीं, दो दिन से ज्यादा समय तक रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई। हजारीबाग में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह , डीएसपी सीसीआर अरमानुल हक, कोर्रा थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के जवानों द्वारा गत रात्रि कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न होटलों में ठहरे हुए व्यक्तियों का सत्यापन एवं जांच की गई। जांच के दौरान होटल संचालकों एवं प्रबंधकों को आगंतुकों का समुचित अभिलेख संधारित करने, पहचान पत्रों का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने का निर्देश दिया गया। पुलिस की जांच अभियान
गोड्डा एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस की टीम ने शहर के अलग-अलग होटलों में पहुंचकर जांच की। पुलिस जवानों ने होटल के कमरों की तलाशी ली और वहां ठहरे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। इस दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नीट यूजी परीक्षा के दौरान किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध कराने से पहले उसकी पहचान की पूरी जांच करें। होटल में ठहरने वाले सभी लोगों का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लिया जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए। हड़कंप की स्थिति बनी रही
जांच अभियान के दौरान शहर के कई होटलों की पड़ताल की गई। इनमें स्काई ब्लू, तुष्ताया इन, शालीमार, मोती महल और वृंदावन सहित अन्य होटल शामिल रहे। पुलिस की अचानक हुई छापेमारी से होटल संचालकों और वहां ठहरे लोगों में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही।
डीसी और एसपी ने की संयुक्त बैठक
परीक्षा 2026 को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बोकारो डीसी अजय नाथ झा एवं एसपी नाथू सिंह मीना ने संयुक्त बैठक कर सभी नोडल पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डीसी ने कहा कि परीक्षा का निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर केवल परीक्षार्थियों, परीक्षा से जुड़े अधिकारियों और अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। परीक्षार्थियों को यह लाना होगा अपने साथ
परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को केवल एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और एक वैध पहचान पत्र साथ लाने की अनुमति होगी। परीक्षा केंद्र में पेन भी ले जाने की अनुमति नहीं होगी, क्योंकि एनटीए द्वारा पेन उपलब्ध कराया जाएगा। एसपी ने बताया कि सभी आठ परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिस बल, दंडाधिकारी तथा मेटल डिटेक्टर से लैस जांच दल तैनात रहेंगे। होटल, लॉज और संवेदनशील क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिले में परीक्षा के लिए आठ केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें केंद्रीय विद्यालय, प्लस टू विद्यालय तथा सीटीपीएस चंद्रपुरा समेत विभिन्न शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।


