पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी जल्द ही 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास छोड़कर 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी बंगले में शिफ्ट हो सकती हैं। 39 हार्डिंग वाले बंगले को अभी तैयार किया जा रहा है। 50 से अधिक मजदूर दिन-रात आवास को नए सिरे से तैयार कर रहे हैं। आवास में 8 कमरे हैं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के लिए स्पेशल कमरा तैयार हो रहा है। उनका कमरा ग्राउंड फ्लोर पर रहेगा, ताकि उन्हें सीढ़ियां चढ़ने की जरूरत न हो। वहीं, आवास परिसर में 8 प्रकार के पेड़ हैं। इसके अलावा 5 से ज्यादा प्रकार के फूलों के पौधे हैं। बड़ा गार्डन होने की वजह से राबड़ी देवी के लिए मॉर्निंग वॉक करना भी आसान होगा। जानवरों के रहने के लिए भी जगह है। लालू-राबड़ी आवास की कुछ तस्वीरें… लालू को संक्रमण से बचाने के लिए विशेष इंतजाम राबड़ी देवी ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर बताया था कि लालू प्रसाद यादव कई स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्हें संक्रमण से बचाने के लिए डॉक्टरों ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उन्हें पेंट और रासायनिक गंध से एलर्जी भी है। सीढ़ियां चढ़ने और उतरने में भी परेशानी है। इसी वजह से नए आवास में लालू यादव के लिए ग्राउंड फ्लोर पर विशेष कमरा बनाया जा रहा है। डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्हें संक्रमण से बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्यों से अलग रहने की व्यवस्था भी की जा रही है। 8 कमरों के साथ 3 बालकनी भी है बंगले के अंदर कुल 8 बड़े कमरे हैं। इसके अलावा 3 बालकनी भी बनाई गई हैं। ग्राउंड फ्लोर और ऊपरी मंजिल को जोड़ने के लिए अंदर और लॉन की तरफ से सीढ़ियों की व्यवस्था है। आवास का पूरा ढांचा खुला और विशाल है, जिससे परिवार के कई सदस्य आराम से रह सकते हैं। मंत्रियों को मिलने वाले आवासों में दूसरा सबसे बड़ा आवास 39 हार्डिंग रोड बिहार सरकार के मंत्रियों को मिलने वाले सबसे बड़े आवासों में शामिल है। यह बंगला बिहार में मंत्रियों को मिलने वाले आवासों में दूसरा सबसे बड़ा आवास माना जाता है। इससे बड़ा आवास इसके ठीक बगल में स्थित मकान संख्या-40 है। अभी बड़े पैमाने पर मरम्मत और सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। गार्डन से लेकर पूरे भवन तक पेंटिंग और फिनिशिंग का काम जारी है। पेंटिंग के लिए एशियन पेंट मंगवाया गया है। सभी कमरों को मॉडर्न तरीके से तैयार किया जा रहा है। नए मार्बल लगाए जा रहे हैं और पूरे बंगले को नए लुक में ढाला जा रहा है। पहले कई मंत्री रह चुके हैं 39 हार्डिंग रोड स्थित इस सरकारी आवास में पहले भाजपा नेता और पूर्व राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय रह चुके हैं। इसके अलावा समीम अख्तर, विनोद नारायण झा और चंद्रमोहन राय भी इस बंगले में रह चुके हैं। राबड़ी देवी ने मांगा एक महीने का समय राबड़ी देवी ने सरकार को पत्र लिखकर कुछ दिन पहले ही 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने के लिए एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा है। उन्होंने कहा है कि जैसे ही नए आवास में सभी आवश्यक कार्य पूरे हो जाएंगे, वह अपने परिवार के साथ वहां शिफ्ट हो जाएंगी और वर्तमान सरकारी आवास खाली कर देंगी। खत्म हो चुकी है बंगला खाली करने की समय सीमा 25 नवंबर 2025 को सरकार ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने का आदेश दिया था। बाद में 30 मई को फिर नोटिस जारी कर 15 दिनों की मोहलत दी गई थी। इसके अनुसार उन्हें 14 जून तक आवास खाली करना था। 15 जून की समय सीमा बीत जाने के बाद भी बंगला खाली नहीं किया गया। इससे पहले 7 जून को सांसद मीसा भारती ने कहा था कि परिवार 15 दिनों में आवास खाली कर देगा। सरकार समय देगी या सख्त कदम उठाएगी राबड़ी देवी के बंगला खाली नहीं करने के बाद अब फैसला सरकार और भवन निर्माण विभाग के हाथ में है। सरकार को तय करना होगा कि उन्हें अतिरिक्त समय दिया जाए या फिर कोई दूसरा कदम उठाया जाए। राबड़ी देवी पहले ही इस मुद्दे पर सरकार को चुनौती दे चुकी हैं। 30 मई को उन्होंने कहा था, “सम्राट नए-नए मुख्यमंत्री बने हैं, वो फोर्स बुलाकर बंगला खाली करवा लें, मैं बंगला खाली नहीं करूंगी।” अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार राबड़ी देवी को एक महीने की अतिरिक्त मोहलत देती है या फिर 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली कराने के लिए कोई सख्त कदम उठाती है।
2005 से 10 सर्कुलर रोड में रह रहा है लालू-राबड़ी परिवार 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला वर्ष 2005 में राबड़ी देवी को आवंटित किया गया था। राजद के सत्ता से बाहर होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री के नाते उन्हें यह आवास मिला था। करीब दो दशक से राबड़ी देवी अपने पति लालू प्रसाद यादव और छोटे बेटे तेजस्वी यादव के साथ इसी आवास में रह रही हैं। वहीं विपक्ष के नेता होने के नाते तेजस्वी यादव को 1 पोलो रोड स्थित बंगला भी आवंटित है, जहां वह अपना राजनीतिक कार्यालय चलाते हैं। भवन निर्माण विभाग ने 10 सर्कुलर रोड स्थित बंगला अब डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है।

