![]()
बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में भागलपुर के कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। किसी का चयन एसडीएम के रूप में हुआ है, तो कोई डीएसपी, प्रोबेशन अधिकारी और शिक्षा विभाग के पदों के लिए चुना गया है। नगर निगम क्षेत्र के कबीरपुर निवासी मो. नवाजिश अशरफ की बेटी सना नवाजिश ने बीपीएससी में 876वीं रैंक हासिल कर प्रोबेशन अधिकारी पद हासिल किया है। सना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद टीएनबी कॉलेज से गणित विषय में स्नातक और तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से एमएससी की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह दिल्ली के दृष्टि संस्थान में अध्यापन काम कर रही हैं और साथ ही यूपीएससी की तैयारी भी कर रही हैं। उनके पिता मो. नवाजिश अशरफ और चाचा मो. अकरम अली ने बताया कि सना का सपना शुरू से ही प्रशासनिक सेवा में जाने का था। इसी तरह सेंट जोसेफ स्कूल के पूर्व छात्र अमृत राज ने बीपीएससी में 239वीं रैंक हासिल कर शिक्षा विभाग में स्थान बनाया है। यूट्यूब और टेस्ट सीरीज की मदद से तैयारी की मानिक सरकार चौक निवासी अमृत ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई डीपीएस बोकारो से की थी। साल 2016 में वे दिल्ली चले गए और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। उन्होंने बताया कि यूपीएससी में मेंस तक पहुंचने के बाद उन्होंने बीपीएससी पर फोकस किया। यह उनका पांचवां प्रयास था। अमृत ने बताया कि उन्होंने मुख्य रूप से यूट्यूब और टेस्ट सीरीज की मदद से तैयारी की और स्वयं नोट्स बनाकर सफलता प्राप्त की। आदमपुर की रहने वाली वैष्णवी चौधरी ने बीपीएससी में 42वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उमाकांत चौधरी की बेटी वैष्णवी ने दसवीं तक की शिक्षा माउंट एसी स्कूल, भागलपुर से हासिल की, जबकि उच्च माध्यमिक शिक्षा राजस्थान के बनस्थली विद्यापीठ से पूरी की। वर्तमान में वह दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से भूगोल विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही हैं। उनकी सफलता पर परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है। शहर के दीपनगर कटरा काली गली निवासी अखिल कुमार रुंगटा ने पहले ही प्रयास में बीपीएससी परीक्षा पास कर 188वीं रैंक हासिल की है। उनका चयन एसडीएम पद के लिए हुआ है। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने वाले अखिल ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, आत्मविश्वास और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ तैयारी करने की सलाह दी। सेल्फ स्टडी और कोचिंग के सहयोग से सफलता हासिल की पीरपैंती नगर पंचायत क्षेत्र के सुंदरपुर निवासी महेश रजक की बेटी प्रियंका कुमारी ने बीपीएससी परीक्षा में 2652वीं रैंक हासिल कर बिहार पुलिस सेवा (डीएसपी) पद हासिल किया है। उनकी माता बेबी कुमारी सरकारी शिक्षिका हैं। साधारण परिवार से आने वाली प्रियंका ने सेल्फ स्टडी और कोचिंग के सहयोग से यह सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने शुभकामनाएं दी हैं। भागलपुर के इन सफल अभ्यर्थियों ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही दिशा में की गई तैयारी से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता जिले के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।संभावित

