Sunday, June 21, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

धनबाद में आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या:कलेक्शन कर लौटते वक्त मारी गोली, मौके पर हुई मौत, अपराधियों की तलाश तेज


धनबाद जिले के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के खेरकाबाद में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां आटा मिल में कार्यरत एक कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के समीप उस समय हुई, जब मृतक उमेश यादव (45) ग्राहकों से पैसे का कलेक्शन कर बाइक से वापस लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी उमेश यादव गोधर स्थित एक आटा मिल में कई वर्षों से कार्यरत थे और कलेक्शन का जिम्मा संभालते थे। रविवार को भी वे नियमित रूप से कलेक्शन के लिए निकले थे। इसी दौरान खेरकाबाद के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से इलाके में दहशत, पुलिस ने शुरू की जांच घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लूटपाट की आशंका जताई है। मृतक के भाई राजेश यादव ने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। लूट या रंजिश, हर पहलू पर जांच आटा मिल के मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव लंबे समय से उनके यहां कार्यरत थे और भरोसेमंद कर्मचारी थे। उन्होंने पुष्टि की कि रविवार सुबह वे कलेक्शन के लिए निकले थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने बताया कि पुलिस इस मामले में लूट, आपसी रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles