दरभंगा में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का अवसर सामने आया है। रोजगार मेले का आयोजन रामनगर आईटीआई के पास स्थित संयुक्त श्रम भवन, दरभंगा परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का सीधा साक्षात्कार लिया जाएगा और किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों की ओर से लगभग 200 पदों पर भर्ती ली जाएगी। अधिकारियों के अनुसार 10वीं, 12वीं, आईटीआई और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 30 साल निर्धारित है, हालांकि विभिन्न कंपनियों के अनुसार आयु सीमा में कुछ भिन्नता हो सकती है। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 22 हजार रुपए प्रतिमाह (सीटीसी) तक वेतन मिलेगा। ये कंपनियां ले रही बहाली
सहायक निदेशक (नियोजन), दरभंगा ने बताया कि DSETS Pvt. Ltd., KK Enterprises, ANCY HR Solution Pvt. Ltd., LIC, Elite Foods Private Limited, Guardians Security and Facilities Pvt. Ltd., Vision India Services Pvt. Ltd. और Svatantra Micro Finance सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों की ओर से भर्ती ली जाएगी।
जरूरी दस्तावेज साथ ले जाए सहायक निदेशक ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए नियोजनालय निबंधन अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के NCS पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं या नियोजनालय कार्यालय पहुंचकर भी निबंधन करवा सकते हैं।
अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पांच रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति लेकर आने की सलाह दी गई है।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। कौशल एवं रोजगार मेला पूरी तरह निशुल्क होगा।


